श्वेता तिवारी ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ स्टोरीज पोस्ट की हैं जिसमें उन्होंने उन लोगों पर निशाना साधा है जो महिलाओं के लिए गाली इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के व्यवहार पर चिंता व्यक्त की है।
इन दिनों प्राइम वीडियो के शो द ट्रेटर्स में नजर आ रहीं श्वेता तिवारी ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ स्टोरीज पोस्ट करते हुए इस बात को लेकर चिंता व्यक्त की कि कैसे कुछ लोग सोशल मीडिया पर महिलाओं के लिए R***i शब्द का प्रयोग करते हैं। श्वेता ने ऐसे ही एक यूजर की प्रोफाइल भी शेयर की।
महिलाओं को गाली देने वालों पर भड़कीं श्वेता तिवारी
श्वेता ने अपनी स्टोरी में लिखा- आज मैं एक ऐसी चीज के बारे में बात करना चाहूंगी जो काफी चिंताजनक भी है और दुर्भाग्य से सोशल मीडिया पर बहुत कॉमन भी है: महिला को R***i बुलाना। किसी भी उम्र, किसी भी प्रोफेशन की महिला को कोई भी पुरुष आकर R***i बुलाता है।
श्वेता को किस बात की होती है हैरानी?
श्वेता ने आगे कहा कि सबसे ज्यादा हैरानी इस बात की होती है कि ऐसा जरूरी नहीं होता है कि ये लोग अनपढ़ हैं या परेशानी वाले बैकग्राउंड से आते हैं। इनमें से ज्यादातर लोग पढ़े लिखे होते, सम्मानित परिवार से आते हैं। इनकी पत्नी, बेटियां, मां, बहने होती हैं और फिर भी ये किसी भी महिला के लिए इतने अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल करते हैं।
श्वेता ने शेयर की गाली देने वाली की प्रोफाइल
श्वेता ने एक ऐसी प्रोफाइल भी शेयर की। उन्होंने प्रोफाइल शेयर करते हुए लिखा- मैंने इनमें से एक प्रोफाइल खोली। ये आदमी डॉक्टर है। इसकी प्रोफाइल पर इसकी पत्नी और बच्चे की खूबसरत तस्वीरें भी हैं।
राज ठाकरे से भी पूछा सवाल
श्वेता ने इस बात पर भी ध्यान दिलवाया कि ये यूजर राज ठाकरे का सपोर्टर भी है। श्वेता ने अपनी स्टोरी में राज ठाकरे से भी सवाल किया। उन्होंने लिखा- राज ठाकरे, अगर ऐसे लोग आपके सपोर्टर हैं, तो मैं सच में जानना चाहूंगी कि क्या आपको लगता है कि ऐसा व्यवहार ठीक है? क्योंकि सिर्फ मराठी बोलना या खुद को मराठी मानुष कहना या महाराष्ट्र से प्यार करना काफी नहीं है। महिलाओं की इज्जत करना भी उसी पहचान का हिस्सा है।
श्वेता ने ऐसे लोगों को सलाह दी कि महिलाओं का सम्मान करो। न केवल उन महिलाओं का जिनसे आप प्यार करते हैं, लेकिन हर महिला की।दरअसल, श्वेता ने बताया कि वो पारुल गुलाटी द ट्रेटर्स के कंटेस्टेंट्स के साथ लाइव चैट कर रही थीं, उस वक्त श्वेता ने कमेंट्स पढ़े। उन्होंने देखा कि बहुत सारे लोग उन लोगों को R***i बुला रहे थे। श्वेता ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता है कि कैसे ये चीज इतनी ज्यादा नॉर्मल हो गई है।


