माँ का गणित: कैंची ने सिखाया वो, जो स्कूल ने कभी नहीं बताया! | Mother’s Intuitive Math: The Hidden Genius of Tailoring Beyond School Books

माँ का गणित: कैंची ने सिखाया वो, जो स्कूल ने कभी नहीं बताया! | Mother’s Intuitive Math: The Hidden Genius of Tailoring Beyond School Books

India

oi-Oneindia Staff

मेरी माँ की कैंची तर्क और गणित की एक ऐसी भाषा बोलती थी, जो उनकी स्कूल की किताबों ने उन्हें कभी नहीं सिखाई थी। मेरी माँ अक्सर इस बात को ऐसे कहती थीं मानो वे कोई अटूट सच बता रही हों, न कि अपनी कोई धारणा।

6

“ऋतु, गणित-गणित मेरे बस की बात नहीं है।” और फिर, उसी साँस में, वे अपने हाथों से गणित करने लगती थीं।

अक्सर दोपहर के समय हमारा घर सिलाई की एक छोटी सी दुकान जैसा लगता था। फर्श पर बिछा हुआ कपड़े का थान, चारों तरफ बिखरीं कतरनें और धागे। एक इंच टेप जो किसी सोए हुए सांप की तरह लिपटा रहता था और दर्जी वाली खड़िया (चौक), जिसकी हल्की सफ़ेद धूल माँ की उंगलियों पर लगी रहती थी।

और वह आवाज़ जो मुझे आज भी सबसे ज़्यादा याद है कच-कच बिना किसी हिचकिचाहट के कपड़े को काटती हुई लोहे की भारी कैंची।

कोई कैलकुलेटर नहीं। कोई छपे हुए पैटर्न शीट नहीं। गोलाई काटने के लिए कोई फर्मा नहीं। बस उनकी आँखें, उनकी कलाई और एक ऐसा गणित जो उनके हुनर और आदतों में बस चुका था।

एक बार, मैंने उन्हें ब्लाउज़ के कपड़े पर गले की गोलाई का निशान बनाते देखा एक ही झटके में बना एक बेदाग, सटीक और खूबसूरत मोड़। मानो उनके हाथ कुछ ऐसा जानते थे जिसे उनकी ज़ुबान मानने से इंकार करती थी।

“माँ, आपको कैसे पता चलता है कि यह गोलाई कितनी गहरी काटनी है?” मैंने पूछा।

वे हँस पड़ीं, उनके हाथ चौक की धूल से सने थे। “बस पता चल जाता है, ऋतु। गला ऐसे ही तो बनता है।”

बस पता चल जाता है… उन्होंने यह बात बहुत सहजता से कही लेकिन मुझे उसमें कुछ और सुनाई दिया। सालों से अपनी समझदारी और काबिलियत को दुनिया की नज़रों से छुपाकर रखने की मजबूरी। सालों से यह मानते रहने का दर्द कि अगर कोई चीज़ किताबी नहीं है, तो उसकी कोई कीमत ही नहीं है।

लेकिन हमारे घर में गणित से मेरा पहला सामना चौक और कपड़े से नहीं हुआ था। वह डर के रूप में सामने आया था। मैं तीन साल की थी, मेज़ पर माँ के ठीक सामने बैठी हुई। हम गिनती सीख रहे थे। यह किसी लयबद्ध गीत की तरह लग रहा था जिसे हम दोनों मिलकर गा रहे थे सीढ़ियाँ चढ़ते हुए।

अड़तीस।

उनतालीस।

चालीस।

और फिर एकदम सन्नाटा। अगली संख्या एक ऐसी ऊँची दीवार बन गई थी जिसे मैं लाँघ नहीं पा रही थी।

मैंने आँखें उठाकर माँ का चेहरा देखा। उनकी आँखों में सिर्फ़ सख्ती नहीं थी। उनमें एक अजीब सा डर और भारी दबाव था, मानो मेरी इस गिनती पर मुझसे भी बड़ी कोई चीज़ दांव पर लगी हो। उनकी उस नज़र में, मुझे अपनी बच्ची को सिखाने की कोशिश करती हुई कोई माँ नज़र नहीं आई।

मुझे एक ऐसी सहमी हुई औरत दिखाई दी जो इस बात से ख़ौफ़ज़दा थी कि कहीं उसकी बेटी को भी वही “कमज़ोर दिमाग” विरासत में न मिल जाए, जिसके लिए उसे ज़िंदगी भर ताने सुनने पड़े थे। जब मैंने आखिरकार फुसफुसाते हुए कहा, “मुझे नहीं पता,” तो कमरे में छाई निराशा और भारी हो गई और फिर उनका हाथ मुझ पर उठ गया।

काफ़ी समय तक, उस एक लम्हे ने गणित के साथ मेरे रिश्ते को तय कर दिया। संख्याएँ मेरे लिए डर का दूसरा नाम बन गईं। एक ऐसी जगह जहाँ आप उस इंसान के सामने नाकाम हो जाते हैं जिससे आप सबसे ज़्यादा प्यार करते हैं। लेकिन जैसे-जैसे मैं बड़ी हुई, एक और सच मेरे सामने आने लगा धीरे-धीरे, खामोशी से, जिसे स्वीकार करना आसान नहीं था।

वे मुझे अगला नंबर न जानने के लिए नहीं मार रही थीं। वे अपने ही उस डर पर वार कर रही थीं जो उन्हें मुझमें नज़र आ रहा था। उसके बाद, मेरी माँ ने स्कूली गणित से इस तरह दूरी बना ली मानो वे उस कमरे में दोबारा कदम ही न रखना चाहती हों। जब भी कोई बिल आता, या मैं गृहकार्य (होमवर्क) में मदद माँगती, तो उनके हाथ पीछे खिंच जाते मानो अंक उन्हें जला देंगे।

“ऋतु, मैं इसमें तुम्हारी मदद नहीं कर सकती,” वे धीमी आवाज़ में कहतीं। “गणित-वणित मेरे बस का नहीं है।” वे इस बात पर पूरा यकीन करती थीं। वे सालों से इसी सोच के साये में जी रही थीं।

और दुनिया ने भी इस पर यकीन कर लिया था क्योंकि दुनिया गणित को सिर्फ़ तभी पहचानती है जब वह किताबों और मार्कशीटों में छपकर आता है। किसी ने फर्श पर बैठी, घुटनों पर कपड़ा फैलाए उस औरत की तरफ इशारा करके कभी नहीं कहा कि यह रेखागणित (Geometry) है।

किसी ने उनके नापने, अंदाज़ा लगाने, सही संतुलन बनाने और शरीर के आकार को कटिंग में ढालने के हुनर को देखकर यह नहीं कहा: कि यह तर्क है। सबने बस उन्हें अपनी समझदारी को उस एक जुमले में समेटने दिया: “गणित मेरे बस की बात नहीं है।”

लेकिन हर दिन, मैं उन्हें खुद अपनी ही बात को गलत साबित करते हुए देखती थी। मैं देखती थी कि वे कपड़े के एक टुकड़े को देखकर ही सही अंदाज़ा लगा लेती थीं कि उसमें से कितना कट सकता है ऊपरी तौर पर नहीं, बल्कि इतने सटीक तरीके से कि ज़रा सा भी कपड़ा बेकार न जाए।

मैं देखती थी कि वे दुपट्टे का सही फॉल लाने के लिए कैंची को किस खास कोण पर मोड़ती थीं। मैं देखती थी कि वे कपड़े को एक लय में इस तरह दो हिस्सों में मोड़ती थीं मानो यह उनकी आदत में शुमार हो। वे चौक से समीकरण (Equations) हल कर रही थीं लेकिन उसका नाम ज़ुबान पर लाने से डरती थीं।

एक दिन, मुझसे रहा नहीं गया। मैंने फर्श पर बिल्कुल सही नाप में कटे और बिछे हुए ब्लाउज़ के टुकड़ों की तरफ इशारा किया। “माँ,” मैंने कहा, “आप पिछले तीन घंटे से गणित ही तो कर रही हैं। बस आप इसे वो नाम नहीं देतीं।” उन्होंने मेरी तरफ ऐसे देखा मानो मैंने कोई बहुत अजीब बात कह दी हो। फिर वे हँस पड़ीं झेंपते हुए, खुद का बचाव करते हुए, बिल्कुल उस तरह जैसे लोग तब हँसते हैं जब कोई बात दिल के बहुत करीब लग जाती है।

“नहीं, नहीं,” उन्होंने कहा। “यह अलग है। यह तो सिलाई-कढ़ाई है।”

“आप यहाँ जो कर रही हैं,” मैंने चौक की लकीर पर उंगली रखते हुए कहा, “यह भी गणित ही है। बस यह ऐसा गणित है जो किसी को अपने कपड़ों में खूबसूरत और सहज महसूस कराता है।”

एक पल के लिए, वे खामोश हो गईं। बचाव वाली खामोशी नहीं। गहराई से सोचने वाली खामोशी। फिर उन्होंने कुछ ऐसा किया जो मैंने उन्हें लंबे समय से अंकों के साथ करते नहीं देखा था। उन्होंने अपने हाथ पीछे नहीं खींचे। उन्होंने इंच टेप उठाया और उसे धीरे-धीरे अपनी उंगलियों के बीच से गुज़रने दिया संख्याओं को ऐसे देखा मानो वे उनसे पहली बार मिल रही हों।

“हूँ…” उन्होंने अपने आप से कहा। “तो यह भी गणित है?” उन्होंने किसी बड़े बदलाव का ऐलान नहीं किया। उन्होंने यह नहीं कहा कि ‘अब मुझमें आत्मविश्वास आ गया है’। उन्होंने रातों-रात अपने अतीत को नहीं बदला। लेकिन उस छोटे से “हूँ” में, कुछ नरम पड़ गया था कमरे का माहौल नहीं, बल्कि वह सोच जिसे वे सालों से अपने सीने से लगाए घूम रही थीं।

अगर आप इस यकीन के साथ बड़े होते हैं कि आप “गणित में कमज़ोर” हैं, तो आप सिर्फ़ अंकों से दूर नहीं भागते। आप आत्मविश्वास से भी दूर भागते हैं। आप इस हक से भी दूर भागते हैं कि आप कह सकें: “मैं अपने बच्चे की मदद कर सकती हूँ।”

और यही चीज़ इस डर की कड़ी को तोड़ती है माताओं को गणित की वर्कशीट हल करने के लिए मजबूर करना नहीं, बल्कि उन्हें उस तर्क और गणित को पहचानने में मदद करना जो वे हर दिन अपनी ज़िंदगी में जीती हैं।

मेरी माँ की कैंची कभी भी “गणित से अनजान” नहीं थी। वह हमेशा तर्क और गणित की भाषा ही बोल रही थी। अन्तर बस इतना है कि अब मैं उसे एक नाम दे सकती हूँ।
और शायद, धीरे-धीरे, प्यार से, वे भी दे सकती हैं।

(वनइंडिया एक्सक्लूसिव, ‘बचपन मनाओ’ की प्रस्तुति)

Source link
#म #क #गणत #कच #न #सखय #व #ज #सकल #न #कभ #नह #बतय #Mothers #Intuitive #Math #Hidden #Genius #Tailoring #School #Books

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *