Ranbir Kapoor Prithviraj Kapoor Ram Role: रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) इन दिनों फिल्म 'रामायण' (Ramayana) को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म में वह भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि रणबीर कपूर से पहले उनके परिवार का एक और सदस्य पर्दे पर राम बन चुका है. जी हां, उनके परदादा और हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता पृथ्वीराज कपूर ने करीब 93 साल पहले भगवान राम का किरदार निभाया था.
1933 में आई थी 'सीता'
साल 1933 में निर्देशक देबकी बोस ने रामायण की कहानी पर फिल्म बनाई थी. इसका नाम 'सीता' था और इसे ईस्ट इंडिया फिल्म कंपनी के बैनर तले तैयार किया गया था. यह शुरुआती बंगाली बोलती फिल्मों में शामिल थी. फिल्म को बंगाल के बाहर भी पहचान मिली और बाद में इसका हिंदी वर्जन भी रिलीज हुआ. उस दौर में किसी धार्मिक कहानी को पर्दे पर दिखाना अपने आप में बड़ी बात थी. सीमित संसाधनों के बावजूद फिल्म की कहानी दर्शकों तक पहुंची और भारतीय सिनेमा के इतिहास में दर्ज हो गई.

28 साल की उम्र में बने राम
इस फिल्म में पृथ्वीराज कपूर ने भगवान राम की भूमिका निभाई थी. उस समय उनकी उम्र महज 28 साल थी. उनके साथ अभिनेत्री दुर्गा खोटे सीता के किरदार में नजर आई थीं. वहीं, लक्ष्मण की भूमिका गुल हमीद ने निभाई थी. फिल्म की एक और खास बात यह थी कि पृथ्वीराज कपूर के छोटे भाई त्रिलोक कपूर इसमें लव बने थे. इस तरह कपूर परिवार के दो भाई एक ही फिल्म में रामायण के अहम किरदार निभाते दिखाई दिए थे.
ऐसे शुरू हुई कपूर खानदान की विरासत
पृथ्वीराज कपूर और उनके छोटे भाई त्रिलोक कपूर ही परिवार की वह शुरुआती पीढ़ी थे, जिन्होंने फिल्मों की दुनिया में कदम रखा. इसके बाद कपूर परिवार ने हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई. पृथ्वीराज कपूर ने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता, तो आगे की पीढ़ियों ने भी इस विरासत को आगे बढ़ाया. दुर्गा खोटे की बात करें तो उन्होंने भी बाद में 'मुगल-ए-आजम', 'बॉबी', 'कर्ज' और 'अभिमान' जैसी फिल्मों में यादगार काम किया.

93 साल बाद फिर वही किरदार
अब करीब 93 साल बाद कपूर परिवार की अगली पीढ़ी भगवान राम की भूमिका निभाने जा रही है. फर्क सिर्फ इतना है कि पृथ्वीराज कपूर के दौर में फिल्में सीमित तकनीक और संसाधनों के साथ बनती थीं, जबकि आज फिल्मों में अत्याधुनिक कैमरे, विजुअल इफेक्ट्स और बड़े बजट का इस्तेमाल होता है. रणबीर कपूर के लिए भी यह किरदार खास है, क्योंकि इसके साथ उनके परिवार का पुराना फिल्मी इतिहास जुड़ा हुआ है.
'रामायण' में दिखेंगे बड़े सितारे
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा कर रहे हैं. ऐसे में दर्शकों के लिए यह जानना दिलचस्प है कि जिस किरदार को आज रणबीर निभा रहे हैं, उसे उनके परदादा भी दशकों पहले पर्दे पर उतार चुके हैं. यह सिर्फ दो कलाकारों की कहानी नहीं, बल्कि कपूर परिवार की पीढ़ियों से चली आ रही फिल्मी विरासत की एक खास झलक है.
ये भी पढ़ें: 9वें दिन 'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर पलट दी बाजी, 600 करोड़ पार होते ही टूट गया इस मूवी का रिकॉर्ड
The post रणबीर से 93 साल पहले राम बने थे उनके परदादा पृथ्वीराज कपूर, जानिए कपूर खानदान का रामायण से पुराना नाता appeared first on Prabhat Khabar.


