![]()
रीवा में लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर फूट पड़ा। समान थाना क्षेत्र और रायपुर करचुलियान थाना क्षेत्र में नाराज ग्रामीणों ने देर रात नेशनल हाईवे पर कई जगह चक्काजाम कर दिया। इस वजह से करीब 4 घंटे से ज्यादा समय तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। रतहरा बायपास से लेकर रायपुर करचुलियान थाना क्षेत्र की सीमा तक सैकड़ों बड़े वाहन जाम में फंसे रहे, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, चक्काजाम रात करीब 12 बजे के बाद शुरू हुआ। बिजली की अघोषित कटौती से परेशान ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और हाईवे पर आवाजाही रोक दी। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रक, बसें, कारें और अन्य छोटे-बड़े वाहन कई घंटों तक जाम में फंसे रहे। जाम के चलते कई किलोमीटर तक सड़क पर सिर्फ वाहनों की लाइन नजर आई। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से लगातार बिजली कटौती हो रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों बिजली गुल रहने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। इसी नाराजगी के चलते लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति संभालने की कोशिश की। काफी देर तक समझाइश और कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह जाम खुलवाया जा सका। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हुआ और फंसे हुए वाहन अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। पूरे मामले में जब रायपुर थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों ने चक्काजाम किया था। हालांकि उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी समान थाना प्रभारी विजय सिंह ही दे पाएंगे। वहीं जब समान थाना प्रभारी विजय सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। बिजली विभाग की ओर से भी अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। विभाग पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए है। बता दें कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी समान थाना क्षेत्र के अजगरहा में ग्रामीण बिजली की समस्या को लेकर चक्काजाम कर चुके हैं। ऐसे में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन बिजली व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
Source link
#रव #म #बजल #कटत #पर #फट #गसस #घट #तक #एनएच #पर #चककजम #कई #कम #तक #वहन #क #लग #कतर #Rewa #News


