![]()
भाजपा ग्रामीण कार्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम में शुक्रवार को प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और विधायक मधु वर्मा की ओर इशारा करते हुए कहा कि कार्यालय निर्माण की क्षमता दोनों नेताओं में है, लेकिन यह भवन केवल कुछ लोगों के सहयोग से नहीं, बल्कि हर कार्यकर्ता की सहभागिता से बनना चाहिए। विजयवर्गीय ने कार्यकर्ताओं से कार्यालय निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और सहभागिता से खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कार्यालय निर्माण में प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान होना चाहिए, चाहे वह एक रुपए का हो या अधिक। तुलसी सिलावट को लेकर कही दिलचस्प बात विजयवर्गीय ने कहा कि यहां तुलसी भैया और मधु भैया जैसे नेता मौजूद हैं, जो चाहें तो अकेले भी कार्यालय का निर्माण करवा सकते हैं। इस पर सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाईं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा हनुमान की क्षमता को जामवंत ने पहचाना था और आपकी क्षमता को मैंने पहचाना है। विजयवर्गीय के इस बयान पर मंच और सभा स्थल पर मौजूद लोगों के बीच ठहाके गूंज उठे। उन्होंने आगे कहा कि तुलसी सिलावट इतने सक्षम हैं कि एक नहीं, 10 कार्यालयों का निर्माण करा सकते हैं, लेकिन संगठन की परंपरा यही है कि प्रत्येक कार्यकर्ता की भागीदारी से भवन तैयार हो, ताकि उसमें सभी का अपनापन और योगदान जुड़ा रहे। हर कार्यकर्ता से सहयोग की अपील विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा का कार्यालय केवल ईंट-पत्थरों से नहीं बनता, बल्कि उसमें कार्यकर्ताओं का श्रम, समर्पण और सहयोग जुड़ा होता है। उन्होंने पोलिंग बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से संपर्क कर स्वैच्छिक सहयोग जुटाने की अपील की। उन्होंने कहा कि फूल नहीं तो पंखुड़ी सही, लेकिन कार्यालय निर्माण में हर कार्यकर्ता का योगदान होना चाहिए। जब हजारों कार्यकर्ताओं का सहयोग जुड़ता है, तभी संगठन का कमल और अधिक मजबूत होता है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई मंत्री, विधायक और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे। विजयवर्गीय ने अपने संबोधन की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए की और सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक एकजुटता, कार्यकर्ताओं की भूमिका और भाजपा के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। भूमि पूजन समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
www.bhaskar.com
#वजयवरगय #बल #तलस #भय #क #कषमत #मन #पहचन #ह #करयकरम #म #लग #ठहक #भजप #गरमण #करयलय #क #भमपजन #म #कह #हर #करयकरत #क #ह #भगदर #Indore #News


