![]()
शाजापुर के कृषि उपज मंडी के पीछे से गुजरने वाली जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया गया। बमोरी, पिंदोनिया, पचोला, रिछोदा, मेंहदी, लड़ावद, खेड़ा बमोरी, पिंदोनिया खेड़ा, रामपुरा और मेवासा सहित कई गांवों के ग्रामीण कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने पहुंचे। उन्होंने सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क करीब 10 से 12 गांवों को शाजापुर शहर से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। सड़क की खराब हालत के कारण शाजापुर पहुंचने में पहले जहां 15 मिनट लगते थे, वहीं अब लगभग एक घंटे का समय लग रहा है। इससे विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर स्वीकृत होने और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद काम शुरू नहीं किया गया है। खराब सड़क के कारण मरीजों और एंबुलेंस को सबसे अधिक दिक्कत होती है, जिससे समय पर अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। ग्रामीण राजपाल सिंह ने बताया कि बमोरी से मार्ग की सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 14 वर्षों से प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन कर रहे हैं और रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। राजपाल सिंह ने यह भी बताया कि ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के बाद अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि एक महीने के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में काम शुरू नहीं हुआ तो सर्व समाज और करणी सेना परिवार के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
Source link
#शजपर #म #जरजर #सडक #स #परशन #गरमण #कलकटर #स #मल #एक #महन #क #दय #अलटमटम #गव #क #शहर #स #जडत #ह #रड #shajapur #News


