बॉलीवुड में सलमान खान और विवेक ओबेरॉय के बीच पुरानी अनबन किसी से छिपी नहीं है. दोनों के रिश्तों में सालों पहले आई खटास की चर्चा आज भी होती है. लेकिन अब विवेक ओबेरॉय ने सलमान खान की आने वाली फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर कुछ ऐसा कहा है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है. विवेक ने न सिर्फ फिल्म की तारीफ की, बल्कि इसके निर्देशक अपूर्व लाखिया को अपना दोस्त बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं.
भारतीय सेना की बहादुरी पर बनी है फिल्म
सलमान खान की वॉर ड्रामा फिल्म 'मातृभूमि' 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म को लेकर विवेक ओबेरॉय ने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य और बहादुरी पर बनी फिल्मों को दर्शकों का पूरा समर्थन मिलना चाहिए. उनका मानना है कि वर्दी पहनकर देश की रक्षा करने वाले जवानों के सम्मान और उनके साहस को दिखाने वाली फिल्मों को खूब प्यार मिलना चाहिए.
विवेक ने कहा कि जब कोई फिल्म भारतीय सेना के जवानों की हिम्मत और उनके बलिदान की कहानी कहती है, तो एक दर्शक के तौर पर हमें उसका साथ देना चाहिए.

अपूर्व लाखिया को बताया अपना दोस्त
बातचीत के दौरान विवेक ने फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया की भी तारीफ की. उन्होंने बताया कि अपूर्व उनके पुराने दोस्त हैं. दोनों ने साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म 'शूटआउट एट लोखंडवाला' में साथ काम किया था. विवेक ने अपूर्व को फिल्म के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि फिल्म सफल हो और लोगों को प्रेरित करे.
2003 के विवाद के बाद चर्चा में आया बयान
विवेक ओबेरॉय का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि साल 2003 में सलमान और विवेक के बीच काफी विवाद हुआ था. उस समय ऐश्वर्या राय से जुड़े मामले को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ा था. विवेक की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद यह विवाद लंबे समय तक बॉलीवुड की सुर्खियों में रहा.
'मातृभूमि' में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह, मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया, अभिलाष चौधरी और जावेद खान जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' से होगा.
ये भी पढ़ें: 'Maatrubhumi' के गाने 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' की ट्रोलिंग पर सलमान खान ने दिया जवाब, कहा- 'सैनिक बोरिंग होते हैं…
The post सलमान खान की 'मातृभूमि' पर बोले विवेक ओबेरॉय- डायरेक्टर मेरे दोस्त हैं, फिल्म खूब सफल हो appeared first on Prabhat Khabar.


