![]()
छिंदवाड़ा में सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित किए गए 12 वर्षीय अनंत सोनी को आखिरकार कागजों में जिंदगी मिल गई है। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के महज 3 घंटे के भीतर जिला प्रशासन ने मामले में संज्ञान लिया और प्रशासनिक गलती सुधारते हुए बच्चे की समग्र आईडी में जरूरी संशोधन कर उसे जीवित दर्ज कर दिया। मामला ग्राम पंचायत थाबड़ीकला का था, जहां बलराम सोनी के 12 वर्षीय बेटे अनंत सोनी की समग्र आईडी में गलती से मृत दर्ज कर दिया गया था। इस वजह से बच्चे का स्कूल में दाखिला अटक गया था और उसे मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ भी बंद हो गया था। एक साल तक पिता लगाते रहे चक्कर
बच्चे के पिता बलराम सोनी पिछले एक साल से बेटे को सरकारी रिकॉर्ड में जीवित साबित करने के लिए पंचायत सचिव से लेकर जनसुनवाई और अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे। उन्होंने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को जनपद पंचायत छिंदवाड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को शिकायत दी गई थी। इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को कलेक्टर कार्यालय और 20 मई 2026 को सांसद विवेक बंटी साहू को भी मामले की जानकारी दी गई, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया। खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन
दैनिक भास्कर डिजिटल में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और कुछ ही घंटों में समग्र आईडी में सुधार की प्रक्रिया पूरी कर दी गई। अब अनंत सोनी की समग्र आईडी में उसे जीवित दर्ज कर दिया गया है, जिससे उसकी पढ़ाई और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इस मामले ने सरकारी सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खबर प्रकाशित होने के बाद जिस काम के लिए परिवार लंबे समय से परेशान था, वह महज कुछ घंटों में पूरा हो गया। अब देखना होगा कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं।
Source link
#सल #क #अनत #क #कगज #म #मल #नई #जदग #एक #सल #स #भटक #रह #थ #परवर #दनक #भसकर #म #खबर #क #बद #सधर #समगर #आईड #Chhindwara #News


