हुमा कुरैशी ने बताया कि टॉक्सिक के एक सीन में जब उन्हें तेज सिर दर्द हो रहा था तब वह शिकायत करने से पहले कियारा आडवाणी की तरफ देखा करती थीं जो कि प्रेग्नेंसी में भी शूट कर रही थीं।
साउथ के सुपरस्टार एक्टर यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ सिनेमाघरों में कल (बुधवार को) रिलीज हो रही है। फिल्म इसके टीजर की रिलीज के बाद से ही विवादों में बनी रही है। हाल ही में जब फिल्म का गाना ‘तबाही’ रिलीज हुआ तो एक्ट्रेस कियारा आडवाणी को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। अब इस फिल्म में उनकी को-स्टार रहीं हुमा कुरैशी ने प्रेग्नेंसी के दौरान भी फिल्म की शूटिंग जारी रखने और स्ट्रॉन्ग बने रहने के लिए उनकी तारीफ की है। चेन्नई के प्री-रिलीज इवेंट में हुमा कुरैशी ने फिल्म के एक खास सीन का जिक्र किया।
हुमा को कियारा से मिलता रहा मोटिवेशन
हुमा कुरैशी ने कहा, “मुझे कियारा के बारे में कुछ कहना है। यह कोई स्पॉयलर नहीं है। टॉक्सिक में एख सीन था जिसमें हम दोनों ने काम किया था, और उसमें बहुत बारिश हो रही थी। कियारा उस वक्त मां बनने वाली थीं और हम बारिश में भीग रहे थे। मुझे इससे बहुत तेज सिरदर्द हो रहा था। जब भी मुझे शिकायत करने का मन करता तो मैं कियारा की तरफ देखती। वह छह महीने की प्रेग्नेंट थी और उस सीन को करते हुए एकदम स्थिर खड़ी हुई थी। उन्हें देखकर मैं सोचती थी कि हे भगवान यह कितना मोटिवेटिंग है।”
मुझे पता है कि आपको बहुत प्यार मिलेगा
हुमा कुरैशी ने इस इवेंट में कहा- मुझे पता है कि आपको इस फिल्म के लिए बहुत प्यार मिलेगा। ढेर सारा प्यार। पिछले साल जुलाई में सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी के जन्म की गुड न्यूज साझा की थी। उन्होंने लिखा- हमारा दिल खुशी से भर गया है और हमारी दुनिया हमेशा के लिए बदल गई है। हमें एक प्यारी सी बेटी का आशीर्वाद मिला है। इस अनाउंसमेंट के बाद कपल ने उनकी न्यूली बॉर्न बेटी की तस्वीरें नहीं लेने की पापाराजी से अपील की थी। कियारा और सिद्धार्थ ने इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी का नाम सराया मल्होत्रा बताया।
सिद्धार्थ-कियारा की लव स्टोरी और शादी
कपल ने साल 2023 में राजस्थान के जैसलमेर में शादी की। साल 2021 में दोनों फिल्म ‘शेरशाह’ में साथ काम करते नजर आए थे। दोनों की बॉन्डिंग लोगों को बहुत पसंद आई थी और यहां से ही लोगों ने यह अनुमान लगाना शुरू कर दिया कि पर्दे पर जैसी केमिस्ट्री सिद्धार्थ और कियारा के बीच नजर आ रही है, वह महज एक्टिंग नहीं है। कुछ वक्त बाद दोनों की लव स्टोरी पब्लिक हो गई और फिर कुछ ही वक्त बाद दोनों ने अपनी शादी का ऐलान कर दिया। सोशल मीडिया पर कपल की शादी की तस्वीरें खूब वायरल हुई थीं।


