MP Weather Today: नौतपा में लू की जगह बारिश-ओले गिरे, पूरे प्रदेश में बदला मौसम; 47 जिलों में बारिश का अलर्ट

MP Weather Today: नौतपा में लू की जगह बारिश-ओले गिरे, पूरे प्रदेश में बदला मौसम; 47 जिलों में बारिश का अलर्ट

नौतपा का नाम आते ही भीषण गर्मी और लू का ख्याल आता है, लेकिन इस बार मध्य प्रदेश में तस्वीर बिल्कुल उलट दिखाई दे रही है। मई के आखिरी दिनों में जहां प्रदेश के कई शहर 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तापमान झेल रहे थे, वहीं अब आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम का पूरा समीकरण बदल दिया है।

राजधानी भोपाल में रविवार सुबह से बूंदाबांदी हो रही है, जबकि प्रदेश के लगभग सभी जिलों में मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। वहीं, भोपाल में आधी रात के बाद 58 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। रात 12:30 बजे के बाद शहर के कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। आंधी के कारण शहर के ज्यादातर हिस्सों में बिजली गुल हो गई।

MP Weather Today: नौतपा में लू की जगह बारिश-ओले गिरे, पूरे प्रदेश में बदला मौसम; 47 जिलों में बारिश का अलर्ट

दो दिन से सक्रिय सिस्टम, आधे प्रदेश में बारिश

पिछले 48 घंटों से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। शुक्रवार शाम से शनिवार रात तक मध्य प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से में बारिश दर्ज की गई। टीकमगढ़ में सबसे ज्यादा सवा इंच पानी गिरा, जबकि दतिया और नौगांव में भी अच्छी बारिश हुई। ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, गुना, धार, रतलाम, सागर, सतना, रीवा, देवास, झाबुआ, मंदसौर, बैतूल और बालाघाट समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। श्योपुर में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।

नौगांव में 12 डिग्री गिरा तापमान

मौसम में आए बदलाव का सबसे बड़ा असर तापमान पर दिखाई दिया है। छतरपुर जिले का नौगांव, जो कुछ दिन पहले प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल था, वहां तीन दिनों में तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। 27 मई को यहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री दर्ज किया गया था, जो अब घटकर 35.5 डिग्री पर पहुंच गया है। दतिया में भी तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 20 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है।

बड़े शहरों में भी गर्मी से राहत

प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी मौसम का असर साफ दिखाई दे रहा है। ग्वालियर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री, जबलपुर में 38.2 डिग्री, इंदौर में 38.8 डिग्री, उज्जैन में 39 डिग्री और भोपाल में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले सप्ताह तक जहां इन शहरों में लू जैसे हालात थे, वहीं अब बादलों और बारिश ने लोगों को राहत दी है। हालांकि नरसिंहपुर 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है।

8 जिलों में ओले, 60 किमी रफ्तार से चलेगी आंधी

मौसम विभाग ने देवास, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, छतरपुर, कटनी, उमरिया और शहडोल में ओलावृष्टि और तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत 47 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है।

इस बार नौतपा में नहीं दिखी लू की ताकत

आमतौर पर नौतपा के दौरान मध्य प्रदेश के कई जिले भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में रहते हैं, लेकिन इस बार मौसम का ट्रेंड अलग रहा। 25 मई से शुरू हुए नौतपा में शुरुआती दिनों में गर्मी जरूर रही, लेकिन मई के अंतिम सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसम प्रणालियों की सक्रियता ने पूरे प्रदेश का मौसम बदल दिया। यही वजह है कि रविवार को कहीं भी लू का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

अगले चार दिन भी ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 3 जून तक प्रदेश में आंधी, बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा। कई जिलों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों से बचने की सलाह दी है।

 

www.amarujala.com
#Weather #Today #नतप #म #ल #क #जगह #बरशओल #गर #पर #परदश #म #बदल #मसम #जल #म #बरश #क #अलरट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *