नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-2026 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पुलिस शनिवार से ही अलर्ट हो गई। परीक्षा से एक दिन पूर्व पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मॉकड्रिल आयोजित कर तैयारियां देखी।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून) मयंक अवस्थी तथा पुलिस उपायुक्त जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत दोपहर को केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की आवाजाही तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
वहीं जोन-1 क्षेत्र के शासकीय शारदा कन्या विद्यालय (बड़ा गणपति), सांदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल, कृषि महाविद्यालय तथा स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, राऊ में सहायक पुलिस आयुक्तों द्वारा निरीक्षण कर पुलिस बल एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की गई।
इस दौरान स्ट्रांग रूम, परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों, जैमर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पेयजल व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया। साथ ही मॉकड्रिल के माध्यम से सुरक्षा प्रोटोकॉल, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई।
पुलिस एवं प्रशासन का कहना है कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात और प्रवेश व्यवस्था भी सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त के अनुसार इंदौर जिलें में 57 और कमिश्नरेट में 47 परीक्षा केंद्र है। इन केंद्रों पर 18 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी भाग लेंगे।
रेलवे स्टेशन,बस स्टैंड, होटल और पीजी पर पुलिस की नजर
शनिवार को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बैठक ली और तैयारियों की समीक्षा की। सीपी ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अफवाह या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर के 47 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक छह केंद्रों पर एक एसीपी स्तर के अधिकारी को नोडल प्रभारी बनाया गया है, जबकि सभी केंद्रों पर एसआई और एएसआई स्तर के अधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक मशीन, जैमर और जनरेटर जैसी व्यवस्थाओं और अभ्यर्थियों की एंट्री से पहले फ्रिस्किंग और सुरक्षा जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। शनिवार से ही शहर में चौकसी बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, लाज, पीजी और अस्थायी आवास स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। बाहरी राज्यों और जिलों से आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जांच शुरू हो गई है। साइबर सेल को इंटरनेट मीडिया पर नजर रखने के लिए अलर्ट किया गया है। अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचाने के लिए विशेष यातायात प्रबंधन लागू रहेगा।
परीक्षार्थियों के लिए जरूरी सूचना- इसका रखें ध्यान
एनटीए के निर्देशानुसार अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में केवल—प्रवेश पत्र एक पोस्टकार्ड आकार का फोटो एक पासपोर्ट साइज फोटो पारदर्शी पानी की बोतल ही लेकर जा सकेंगे। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रानिक गैजेट्स, पेन-पेंसिल, स्टेशनरी सामग्री अथवा अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसी सामग्री मिलने पर एनटीए के नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
Source link
#नट2026 #इदर #म #परकष #कदर #पर #मकडरल #कर #दख #वयवसथ #वदयरथ #इन #बत #क #रख #धयन



