
Bigg Boss 20 के घर में बीती रात गुल्लू और नकुल ढुल के बीच हुई हाथापाई का भयानक अंजाम आखिरकार सामने आ ही गया. पिछले कुछ दिनों से जिस बात की चर्चा थी, वही हुआ- नियम तोड़ने और फिजिकल वॉयलेंस के आरोप में बिग बॉस ने वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट नकुल ढुल को रातों-रात शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया. इसके साथ ही नकुल के जाने के बाद भी घर का क्लेश थमा नहीं, बल्कि लव गिल की 'हमदर्दी' को लेकर घर दो फाड़ हो गया.
'हाथ दिखाएगा यहां पे आके'? नकुल के खिलाफ एक हुए घरवाले
गुल्लू से मारपीट के बाद पूरा घर नकुल के खिलाफ खड़ा नजर आया. माही विज का गुस्सा सातवें आसमान पर था. उन्होंने तमतमाते हुए कहा- "हाथ दिखाएगा यहां पे आके? ये दो दिन का आया हम पर राज करेगा क्या?" वहीं कैप्टन आसिफ खान ने बिग बॉस को सीधी चेतावनी दे डाली कि नकुल को तुरंत बाहर निकाला जाए, वर्ना बाकी घरवाले बाहर चले जाएंगे. आरिशफा ने नकुल को सीधे तौर पर 'खतरनाक इंसान' बता दिया.
दूसरी तरफ, कनिका मान ने नकुल से सीधा सवाल किया कि क्या हाथापाई की शुरुआत उनकी तरफ से हुई थी, जिस पर आरिशफा ने भी मुहर लगाई कि नकुल पूरी तरह चिढ़े हुए नजर आ रहे थे.
'20 साल पहले भी हिंसा की जगह नहीं थी, आज भी नहीं'
गार्डन एरिया में जब सब नकुल की गेम पर चर्चा कर रहे थे, तभी बिग बॉस ने सभी कंटेस्टेंट्स को लिविंग एरिया में तलब किया. बिग बॉस ने गंभीर आवाज में कड़ा संदेश देते हुए कहा, "आज नकुल और गुल्लू के बीच अप्रिय हादसा हुआ. इस घर में 20 साल पहले भी हिंसा के लिए जगह नहीं थी और आज भी नहीं है." इसके तुरंत बाद बिग बॉस ने बड़ा फैसला सुनाते हुए कहा- "घर के नियम को तोड़कर हिंसा करने के लिए नकुल, आप इसी वक्त घर से बाहर होते हैं!"
नकुल से हमदर्दी पर लव गिल पर फूटा आसिफ का गुस्सा, कहा- 'चापलूस'
नकुल के घर से निकलते ही असली नया ड्रामा लव गिल को लेकर शुरू हो गया. दरअसल, एविक्शन से ठीक पहले लव नकुल के पास जाकर बैठी थीं और उनकी चोट के बारे में पूछ रही थीं. काजी ने इसे तुरंत 'फुटेज की भूख' करार दिया.
नकुल के जाने के बाद कैप्टन आसिफ ने लव पर सीधा हमला बोल दिया. आसिफ ने चिल्लाते हुए कहा- "उसके पास बात करने क्यों गई थी? चापलूस है तू!" लव ने पलटवार करते हुए कहा कि नकुल के हाथ पर चोट लगी थी, इसलिए वह सिर्फ इंसानियत के नाते पूछने गई थीं और वह किसी की चापलूसी नहीं कर रहीं.
लव के चक्कर में आपस में भिड़े जिगरी यार स्काउट और यंग!
जब आसिफ और बाकी घरवाले लव को घेर रहे थे, तभी स्काउट खुलकर लव के बचाव में आ गए. स्काउट को लव का पक्ष लेते देख उनके सबसे करीबी दोस्त यंग डीएसए भड़क गए. यंग स्काउट को समझाने की कोशिश कर रहे थे कि लव का वहां जाना गलत था, लेकिन स्काउट लव के साथ खड़े रहे. देखते ही देखते दोनों जिगरी दोस्तों- यंग और स्काउट के बीच तीखी बहस छिड़ गई. वहीं लव ने भी दो टूक कह दिया कि उन्हें कोई नहीं सिखाएगा कि उन्हें क्या करना है और क्या नहीं.
ये भी पढ़ें: नाना पाटेकर के निधन पर तनुश्री का दावा: 'मुकदमों से बचने का किया नाटक, विदेश में हैं जिंदा'
The post Bigg Boss 20: हिंसा पर भड़के बिग बॉस , नकुल ढुल को आधी रात घर से निकाला; लव गिल पर भड़के आसिफ- बोले 'चापलूस'! appeared first on Prabhat Khabar.


