दो साल बाद उज्जैन में लगने वाले सिंहस्थ मेले के कारण काफी प्रोजेक्ट मंजूर हो रहे हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इंदौर के समीप चंद्रावतीगंज में 45 करोड़ रुपये के रेलवे ओवरब्रिज के लिए मंजूरी दी है। सिंहस्थ से पहले यह ब्रिज बनकर तैयार हो जाएगा। दरअसल, चंद्रावतीगंज से ग्रीनफील्ड रोड भी बन रही है। ब्रिज के बनने से क्रॉसिंग पर ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी।
रेलवे विभाग द्वारा इस रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। सांसद शंकर लालवानी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के संबंध में इंदौर की रेल अधोसंरचना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को विस्तार से रखा था। इसमें यह ब्रिज प्रोजेक्ट भी शामिल था।
लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस ब्रिज का निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ होगा। इसके बनने से रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने के कारण होने वाले यातायात जाम से नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही, सिंहस्थ के दौरान इंदौर से उज्जैन एवं अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के आवागमन को भी सुगम बनाने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सिंहस्थ मेले के दौरान इंदौर-उज्जैन सिक्सलेन के अलावा इंदौर से चंद्रावतीगंज होते हुए भी वाहन जाएंगे। इस कारण इस ब्रिज का बनना जरूरी था, क्योंकि तब इंदौर से उज्जैन तक ट्रेनों का संचालन भी लगातार होगा। इस कारण बार-बार रेलवे क्रॉसिंग फाटक बंद होने से यातायात बाधित हो सकता था।
सांसद लालवानी ने कहा कि इसके निर्माण से क्षेत्रवासियों को रेलवे फाटक के जाम से स्थायी राहत मिलेगी और सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। सिंहस्थ के मद्देनजर इंदौर में एमआर-12 सड़क बनाई जा रही है। इसके अलावा डबल डेकर ब्रिज भी बनकर तैयार हो चुका है।
Source link
#Indore #News #सहसथ #क #लए #चदरवतगज #म #रलव #बरज #बनग #करड #म #मतर #न #परजकट #कय #मजर


