खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल ने स्कीम नंबर 51 स्थित मां बगलामुखी एंटरप्राइजेज पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर मंथन ब्रांड और श्री आनंद ब्रांड के घी की विभिन्न पैकिंग और साइज बिक्री के लिए संग्रहित पाए गए। प्रतिष्ठान से मिली जानकारी के मुताबिक यह दोनों ब्रांड के घी गुजरात से निर्मित होकर इंदौर में सप्लाई किए गए थे।
18 सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न पैकिंग साइज और बैच नंबर से संबंधित घी के कुल 18 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। इन सभी नमूनों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों की गहन जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, ताकि घी की शुद्धता का पता लगाया जा सके।
1,750 लीटर घी जप्त, कीमत 6,80,000 रुपए
दल ने मौके पर उपलब्ध लगभग 1,750 लीटर घी को जांच रिपोर्ट आने तक के लिए सील कर जप्त कर लिया है। जप्त किए गए इस घी की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹6,80,000 है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हो जाती, तब तक इस स्टॉक के क्रय-विक्रय पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
बाहरी राज्यों से आने वाले घी पर कड़ी निगरानी
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने जानकारी दी कि अन्य राज्यों से इंदौर और मध्यप्रदेश में आने वाले घी की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत निर्माताओं, डिपो, थोक विक्रेताओं और विक्रय प्रतिष्ठानों से लगातार नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। लिए गए सभी 18 नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने साफ किया है कि अन्य राज्यों से आने वाले घी सहित सभी खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखी जा रही है। अमानक, मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण, परिवहन, भंडारण और विक्रय के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Source link
#इदर #म #घ #क #गणवतत #पर #शक #म #बगलमख #एटरपरइजज #पर #छप #सपल #जच #क #लए #भज


