जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन लगातार जारी है। इसी बीच माना जा रहा है कि शिक्षा मंत्रालय आज रात आठ बजे प्रेसवार्ता करेगा। माना जा रहा है कि कई बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं। एएनआई के अनुसार, सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने अपनी कार्यप्रणाली में बड़े बदलाव की दिशा में कदम उठाते हुए 47 अधिकारियों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इनमें से कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी। यह फैसला पेपर लीक विवाद के बाद एनटीए में किए जा रहे व्यापक सुधारों का हिस्सा माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य एजेंसी की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुरक्षित बनाना है, ताकि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में छात्रों का भरोसा मजबूत हो सके।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय एनटीए में व्यापक सुधारों पर बात कर सकता है। यह संभावित घोषणा ऐसे समय में होने जा रही है, जब 2026 नीट पेपर लीक के कथित मामले के बाद एनटीए की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और परीक्षा व्यवस्था को अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाने की मांग तेज हो गई है। न्यूज एजेंसी यूएनआई के मुताबिक मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बड़े पैमाने पर अधिकारियों को हटाया जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, शिक्षा मंत्रालय की प्रस्तावित घोषणा का मुख्य उद्देश्य एनटीए की कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाना है। हाल के महीनों में राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के संचालन को लेकर कई सवाल उठे हैं। इसी वजह से परीक्षा प्रणाली में सुधार और एजेंसी की जवाबदेही बढ़ाने की मांग लगातार की जा रही है। माना जा रहा है कि शुक्रवार रात होने वाली घोषणा इन्हीं सुधारों पर केंद्रित होगी। हालांकि मंत्रालय की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर किसी प्रस्तावित बदलाव का विवरण जारी नहीं किया गया है।
रात आठ बजे होने वाले एलान में क्या हो सकता है?
NTA में सुधार की जरूरत क्यों महसूस की जा रही है?
- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में रही है। खासकर 2026 नीट पेपर लीक के कथित मामले के बाद एजेंसी की परीक्षा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठे और परीक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार की मांग तेज हो गई। इसी मुद्दे को लेकर छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार प्रदर्शन भी किया।
- परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने की मांग उठाई। छात्रों के आंदोलन के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में रहा। विभिन्न स्तरों पर यह कहा गया कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं को अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए NTA की कार्यप्रणाली में बदलाव जरूरी है।
फिलहाल शिक्षा मंत्रालय ने केवल संभावित घोषणा का समय सामने आने दिया है, लेकिन सुधारों के स्वरूप या उनके दायरे पर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। इसलिए रात 8 बजे होने वाले एलान पर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षा जगत की नजरें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि घोषणा के बाद एनटीए की भविष्य की कार्यप्रणाली और परीक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।