Sandeepa Virk Jail Experience: फिल्म और डिजिटल कंटेंट की दुनिया में पहचान बना चुकीं अभिनेत्री एवं कंटेंट क्रिएटर संदीपा विर्क हाल के दिनों में अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं।

करीब 6 करोड़ रुपये के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नाम सामने आने के बाद उन्हें दिल्ली की तिहाड़ जेल में लगभग चार महीने तक रहना पड़ा। जेल से रिहा होने और जमानत मिलने के बाद अब संदीपा ने अपने उस दौर से जुड़े कई चौंकाने वाले अनुभव साझा किए हैं।
हाल ही में एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान संदीपा ने जेल के भीतर बिताए गए कठिन समय का खुलकर जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हिरासत के दौरान कई ऐसे मौके आए जब उन्हें अपमानजनक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। संदीपा के अनुसार, अदालत में पेशी के बाद जेल लौटते समय सुरक्षा जांच की प्रक्रिया के तहत उन्हें सार्वजनिक रूप से कपड़े उतारकर तलाशी देनी पड़ती थी, जो उनके लिए बेहद असहज और मानसिक रूप से परेशान करने वाला अनुभव था।
इससे पहले भी संदीपा विर्क ने अपने जेल एक्सपीरिएंस को शेयर किया था। संदीपा ने जेल में होने वाले प्रेग्नेंसी टेस्ट से लेकर तमाम तरह के खुलासे किए हैं। एक बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि जेल में एंट्री का प्रोसेस मानसिक और इमोशनल तौर से बेहद परेशान करने वाला होता है। उनके अनुसार, सिस्टम किसी व्यक्ति को दोषी साबित होने से पहले ही अपराधी की तरह देखने लगता है। उन्होंने कहा कि जेल में होने वाली जांच प्रक्रिया महिलाओं के आत्मसम्मान को गहरी चोट पहुंचाती है। चेकिंग के दौरान शरीर के हर हिस्से की जांच बेहद कठोर और बेकार तरीके से की जाती है।
संदीपा विर्क ने यह भी आरोप लगाया कि जेल में तैनात कुछ महिला सुरक्षाकर्मी जांच के दौरान बेहद रूखा व्यवहार करती हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं की तलाशी के दौरान किसी भी तरह की संवेदनशीलता नहीं दिखाई जाती, जिससे स्थिति और ज्यादा अपमानजनक बन जाती है।


