- Hindi News
- National
- BJP Appoints New State In charges: Vinod Tawde For UP, Satish Punia For Punjab
1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए राज्य प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए।
बिहार विनोद तावड़े को यूपी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी नियुक्त किया है। पंजाब की जिम्मेदारी सतीश पूनिया को दी गई है। उधर गुजरात का जिम्मा तरुण चुग को सौंपा गया है।
इन तीनों राज्यों में अगले साल चुनाव हैं। भाजपा अध्यक्ष ने एक दिन पहले अपनी नई टीम का ऐलान किया था। इसमें 65 पदाधिकारियों की घोषणा की थी।

तावड़े पहले बिहार के प्रभारी, पूनिया पंजाब के रहे
विनोद तावड़े: BJP के राष्ट्रीय महामंत्री हैं। वे पहले हरियाणा और बिहार के प्रभारी रह चुके हैं। नवंबर 2020 में उन्हें हरियाणा का प्रभारी बनाया गया था। सितंबर 2022 में उन्हें बिहार की जिम्मेदारी दी गई। 2024 में भी वे बिहार के प्रभारी रहे। 2025 में उनके प्रभार में ही भाजपा जीती। महाराष्ट्र में वे लंबे समय तक पार्टी संगठन में सक्रिय रहे। वे महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। जगदीश पटेल: गुजरात के BJP नेता हैं। वे 2019 में अमराईवाड़ी विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। वे अहमदाबाद शहर BJP के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अगस्त 2026 में उन्हें BJP का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया। अब उन्हें उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले किसी राज्य के प्रभारी रहने की पुख्ता जानकारी उपलब्ध नहीं है। सतीश पूनिया: डॉ. सतीश पूनिया राजस्थान BJP के प्रदेश अध्यक्ष और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। 2024 में उन्हें हरियाणा का प्रभारी बनाया गया था। इससे पहले लोकसभा चुनाव में वे हरियाणा के चुनाव प्रभारी थे। हरियाणा विधानसभा चुनाव में BJP की लगातार तीसरी जीत के समय भी वे राज्य के प्रभारी थे। जून 2026 में वे राज्यसभा सांसद चुने गए। अब उन्हें पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। तरुण चुग: BJP के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद हैं। वे अमृतसर से आते हैं और लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय हैं। वे तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रभारी रह चुके हैं। नवंबर 2020 में उन्हें तेलंगाना के साथ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की जिम्मेदारी दी गई थी। 2024 में भी वे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रभारी रहे। अब उन्हें गुजरात का प्रभारी बनाया गया है।
तीनों राज्यों में 2027 में चुनाव
यूपी: राज्य की 403 विधानसभा सीटों के लिए फरवरी-मार्च में चुनाव हैं। फिलहाल BJP की सरकार है। योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं। 2024 लोकसभा चुनाव में BJP को यूपी में बड़ा झटका लगा था, जबकि समाजवादी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। इसलिए 2027 में BJP के सामने विधानसभा में अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखने की चुनौती होगी।
पंजाब: राज्य की 117 सीटों के लिए फरवरी में चुनाव हो सकते हैं। फिलहाल आम आदमी पार्टी की सरकार है। भगवंत मान मुख्यमंत्री हैं। 2022 में AAP ने 92 सीटें जीतकर बहुमत वाली सरकार बनाई थी।
गुजरात: गुजरात की 182 विधानसभा सीटों के लिए अगले साल दिसंबर तक चुनाव हो सकते हैं। फिलहाल BJP की सरकार है। भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में BJP ने 156 सीटें जीती थीं।
————
भाजपा में बदलाव की ये खबर भी पढ़ें
नितिन नवीन की टीम में राम माधव-स्मृति ईरानी का कमबैक; यूपी से दो मुस्लिम चेहरे

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पद संभालने के 209 दिन बाद सोमवार को 65 सदस्यों की कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया। राम माधव को उपाध्यक्ष और स्मृति ईरानी को महासचिव बनाकर वापस लाया गया है।
भाजपा IT सेल के प्रभारी अमित मालवीय को हटा दिया गया है, दीपक म्हस्के उनकी जगह लेंगे। वहीं, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे उपाध्यक्ष बनी रहेंगी। राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष भी पद पर बने रहेंगे।
नितिन नवीन की टीम में 12 महिलाएं हैं। यूपी से दो मुस्लिम चेहरों तारिक मंसूर और बासित अली को शामिल किया गया है। टीम में 13 उपाध्यक्ष, 8 महासचिव, 16 सचिव और 28 सदस्य शामिल हैं। नई टीम की 22 अगस्त को दिल्ली में बैठक होगी। पूरी खबर पढ़ें
Source link
#Vinod #Tawde #Satish #Punia #Punjab


