इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन की नई आधुनिक बिल्डिंग तैयार हो गई है। आज से संचालन शुरू होगा। टिकट काउंटर, वेटिंग हॉल समेत कई सुविधाएं जल्द यात्र …और पढ़ें

HighLights
- लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन की नई बिल्डिंग संचालन के लिए तैयार
- टिकट काउंटर और वेटिंग हॉल जल्द शुरू होंगे
- पुरानी बिल्डिंग से दोगुना बड़ा नया स्टेशन भवन बना
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन की नई स्टेशन बिल्डिंग पूरी तरह तैयार हो चुकी है और शुक्रवार से इसका संचालन शुरू किया जा रहा है। प्रारंभिक चरण में स्टेशन मास्टर सहित अन्य विभागों के कार्यालय नई इमारत में स्थानांतरित किए जाएंगे। इसके बाद आगामी 15 दिनों में टिकट काउंटर, वेटिंग हॉल और अन्य यात्री सुविधाओं का संचालन भी नई बिल्डिंग से शुरू हो जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई स्टेशन बिल्डिंग पुराने भवन की तुलना में लगभग दोगुनी बड़ी है। इसका निर्माण आधुनिक डिजाइन और यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया गया है। भवन की लंबाई लगभग 100 मीटर और चौड़ाई 40 मीटर है। स्टेशन को भविष्य की बढ़ती यात्री संख्या और रेल यातायात को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
ग्राउंड फ्लोर पर मिलेंगी प्रमुख सुविधाएं
नई बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर यात्रियों के लिए विशाल वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र, स्टेशन मास्टर कक्ष, हेल्थ यूनिट, आरपीएफ कार्यालय, पार्सल कार्यालय और अन्य प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था भी की गई है।
प्रथम तल पर होंगे कार्यालय
बिल्डिंग की पहली मंजिल पर रेलवे के विभिन्न विभागों के कार्यालय संचालित होंगे। यहां इलेक्ट्रिकल, सिग्नल एवं दूरसंचार, इंजीनियरिंग और अन्य शाखाओं के कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। इससे स्टेशन संचालन और प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय हो सकेगा।
दो नए प्लेटफॉर्म बनाने की तैयारी
रेलवे प्रशासन लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन के विस्तार की दिशा में भी काम कर रहा है। योजना के तहत स्टेशन पर दो नए प्लेटफॉर्म विकसित किए जाएंगे। इसके लिए नई बिल्डिंग शुरू होने के बाद पुरानी स्टेशन बिल्डिंग को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इंदौर आने वाली ट्रेनों का बढ़ेगा संचालन
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन के विस्तार के बाद यहां ट्रेनों की आवाजाही बढ़ाने की योजना है। इससे इंदौर आने-जाने वाली कुछ ट्रेनों को लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से भी संचालित किया जा सकेगा, जिससे मुख्य रेलवे स्टेशन पर दबाव कम होगा।
यात्रियों को जल्द मिलेगा लाभ
रेलवे अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की समीक्षा कर संबंधित एजेंसियों को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि नई सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा और स्टेशन की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
www.naidunia.com
#इदर #क #मल #नई #रलव #सगत #लकषमबई #नगर #सटशन #क #वशल #बलडग #तयर #यतरय #क #मलग #कई #सवधए


