![]()
टीकमगढ़ जिले की बड़ागांव धसान तहसील के ग्राम अंतौरा में स्थित अमर शहीद नारायणदास खरे के समाधि स्थल की जमीन जिला प्रशासन ने कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी है। इसी स्थल पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमृतलाल फणीन्द्र की समाधि भी बनी है। इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने नाराजगी व्यक्त की है। विधायक यादवेंद्र सिंह ने शुक्रवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के समाधि स्थल से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कलेक्टर को पत्र भी लिखा है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि प्रशासनिक दबाव या आदेश के तहत समाधि स्थल के साथ छेड़छाड़ या आपत्तिजनक कार्रवाई की गई, तो इसके विरोध में आमजन सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। विधायक बोले- अमृतलाल का अंतिम संस्कार यहां किया गया विधायक ने बताया कि बुंदेलखंड की यह वीर भूमि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदानों की साक्षी रही है। अमर शहीद नारायणदास खरे ने वर्ष 1937 में टोड़ी फतेहपुर रियासत के खिलाफ स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व किया था, जिसके लिए उन्हें छह माह का कारावास हुआ। इसके बाद, वर्ष 1938 में हैदराबाद आर्य समाज सत्याग्रह में भाग लेने पर भी उन्हें छह माह की सजा हुई थी। नारायणदास खरे का 1 दिसंबर 1947 को नरोसा नाला (अंतौरा) स्थित बलिदान स्थल पर निधन हो गया था, तभी से इस स्थान पर उनकी समाधि बनी है। प्रतिवर्ष शहीद मेले का आयोजन किया जाता है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमृतलाल फणीन्द्र का अंतिम संस्कार भी 5 मार्च 1980 को इसी स्थल पर किया गया था। ग्राम अंतौरा के खसरा क्रमांक 29/1 की भूमि पिछले करीब 50 साल से अमर शहीद नारायणदास खरे मेला भूमि के रूप में दर्ज है। विधायक ने कहा कि यह केवल एक भूमि नहीं, बल्कि देशभक्ति, बलिदान और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। ज्ञापन में मांग की गई कि यदि किसी व्यक्ति का भूमि संबंधी अधिकार सामने आता है, तो शासन उसे अन्यत्र भूमि अथवा उचित मुआवजा उपलब्ध कराए, लेकिन शहीद स्थल की गरिमा और ऐतिहासिक पहचान से समझौता न किया जाए। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को चेतावनी दी गई कि यदि समाधि स्थल की पवित्रता और ऐतिहासिक स्वरूप से छेड़छाड़ की गई, तो क्षेत्र की जनता व्यापक आंदोलन करेगी। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष नवीन साहू, शहर अध्यक्ष गौरव शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
Source link
#टकमगढ #म #शहद #समरक #क #जमन #म #बदलव #कगरस #वधयक #यदवदर #सह #बल #परतम #हट #त #आदलन #कय #जएग #Tikamgarh #News


