नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : सुपर कॉरिडोर से रेडिसन चौराहे के बीच 17 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर के कमर्शियल रन को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद तीनों ने शहर के अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मेट्रो में सफर भी किया।
मेट्रो में सांदीपनी स्कूल के बच्चे भी सवार थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीष दिया और उनसे चर्चा की। मेट्रो के शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इस कॉरिडोर के शुरू होने से मेट्रो अब शहर और बस स्टैंड से जुड़ गई है।
इससे यात्रियों को सुरक्षित, तेज और समयबद्ध परिवहन की सुविधा मिलेगी। मेट्रो केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि शहरों के विकास और देश को विकसित बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा, ‘मध्य प्रदेश देश का दिल है और इंदौर दिल की धड़कन। दिल और धड़कन दोनों मजबूत रहेंगे तो देश भी मजबूत रहेगा।’
ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित मेट्रो के शुभारंभ कार्यक्रम में मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2014 में देश के केवल पांच शहरों में करीब 245 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क संचालित था, जो अब बढ़कर 26 शहरों तक पहुंच गया है। भारत का मेट्रो नेटवर्क तेजी से विस्तार कर रहा है और आने वाले दो वर्षों में अमेरिका को पीछे छोड़कर भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला देश बन सकता है।
उन्होंने बताया कि चीन करीब आठ हजार किलोमीटर नेटवर्क के साथ सबसे आगे है। भारत में 1170 किमी लंबा नेटवर्क है, जो यूएसए से 216 किमी पीछे है। मेट्रो से लोगों का समय बचता है और ईज आफ लिविंग बढ़ती है। उन्होंने इंदौर-उज्जैन मेट्रो कनेक्टिविटी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे व्यापार, उद्योग और धार्मिक पर्यटन को भी गति मिलेगी।
उज्जैन और पीथमपुर भी जुड़ेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी नगर से मालवीय नगर तक प्रस्तावित 17 किमी लंबे मेट्रो कारिडोर को शुरू कर दिया गया है। यह परियोजना केवल यातायात सुविधा नहीं, बल्कि शहर के विकास का नया अध्याय साबित होगी। मेट्रो ट्रेन का धीरे-धीरे उज्जैन और पीथमपुर तक विस्तार किया जाएगा। इससे इंदौर के साथ आसपास के शहरों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी और पूरा क्षेत्र महानगरीय स्वरूप में विकसित होगा।
इंदौर-मनमाड रेल लाइन की मंजूरी से मुंबई और महाराष्ट्र के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।अभी मुंबई जाने के लिए गुजरात होकर जाना पड़ता है, लेकिन नई रेल लाइन बनने के बाद मनमाड़ के रास्ते सीधा संपर्क स्थापित हो सकेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में गुना, उज्जैन, इंदौर और मनमाड़ को जोड़ने वाला रेल नेटवर्क भी मालवा सहित चंबल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया के सामने अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
एयरपोर्ट व गांधी नगर के बीच बस शटल चलाने की तैयारी
विजयनगर, रेडिसन व बापट चौराहे से गांधी नगर मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो चलेगी। ऐसे में शहर के इस हिस्से से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सुविधा देने के लिए मेट्रो प्रबंधन विचार कर रहा है। एआइसीटीएसएल या निजी एजेंसी के माध्यम से एयरपोर्ट पर आने -जाने वाली फ्लाइट को ध्यान में रख शटल बस सेवा शुरू की जाएगी।
चार साल में बदलेगा मेट्रो का नक्शा
- 31 किमी मेट्रो की रिंग तैयार होगी
- 2028 तक एयरपोर्ट का भूमिगत स्टेशन
- 2030 तक खजराना और पलासिया के भूमिगत स्टेशन
दुनिया में मेट्रो नेटवर्क
- चीन करीब 8,000 किमी : दुनिया में सबसे आगे
- अमेरिका: 1,386 किमी : दुनिया में दूसरे नंबर पर
- भारत 1,170 किमी: अमेरिका से 216 किमी पीछे
भारत का लक्ष्य : नंबर 2
मनोहर लाल के अनुसार, अगले दो वर्षों में भारत अमेरिका को पीछे छोड़कर दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला देश बन सकता है।
यह भी पढ़ें- 21 जून से नए रूट पर दौड़ेगी इंदौर मेट्रो, रोजाना 4 से 6 लाख लोगों को मिलेगा फायदा, अगले 3-4 दिनों में तय होगा किराया
Source link
#दश #क #दल #मधय #परदश #धडकन #इदर #दन #मजबत #रहग #त #दश #भ #मजबत #बनग #मनहर #लल #खटटर

