
प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर भारतीय फिल्म को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने 11 मिनट की शॉर्ट फिल्म 'वी वर हियर' से हाथ मिलाया है. इस फिल्म में तीन बुजुर्गों की कहानी दिखाई गई है, जिन्हें डर है कि मशीनें इंसानों की नौकरियां छीन लेंगी. फिल्म की कहानी जितनी अलग है, उसका सफर भी उतना ही खास है. यह 80 से ज्यादा विदेशी फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जा चुकी है और 20 से अधिक अवॉर्ड जीत चुकी है. अब प्रियंका इस फिल्म की एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर बन गई हैं.
प्रियंका चोपड़ा ने कही ये बात
प्रियंका चोपड़ा इस फिल्म में एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभालेंगी. फिल्म को प्रणव भसीन ने लिखा और डायरेक्ट किया है. प्रियंका को इसकी कहानी काफी पसंद आई. उन्होंने कहा,
"यह फिल्म एक ऐसे विषय को मजेदार और नए अंदाज में दिखाती है, जो आज के समय में बहुत जरूरी है. मैं एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर इससे जुड़ने का मौका मिलते ही तैयार हो गई."
प्रियंका ने कहा कि वह फिल्म की टीम की मेहनत और उनकी अलग सोच को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना चाहती हैं.
तीन बुजुर्गों को क्यों है मशीनों से परेशानी?
'वी वर हियर' की कहानी भारत के एक काल्पनिक शहर की है. यहां तीन बुजुर्गों को लगता है कि मशीनें इंसानों की नौकरियां छीन रही हैं. वे इसके खिलाफ आवाज उठाने का फैसला करते हैं, लेकिन उनका तरीका बिल्कुल अलग होता है. तीनों घर में इस्तेमाल होने वाले सामान का रूप धारण कर लेते हैं. इसके जरिए वे मशीनों के खिलाफ अपना विरोध जताते हैं.
कहानी में नया मोड़ तब आता है, जब उनमें से एक बुजुर्ग के बच्चों में से एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कारोबार से जुड़ जाता है. इसके बाद तीनों को समझना पड़ता है कि मशीनों और इंसानों के बीच बदलते रिश्ते का असर उनकी जिंदगी पर भी पड़ रहा है.
फिल्म यह सवाल भी उठाती है कि नई टेक्नोलॉजी के पीछे भागते हुए कहीं हम इंसानियत को तो नहीं भूल रहे हैं.
20 से ज्यादा अवॉर्ड जीत चुकी है फिल्म
इस फिल्म को अब तक 80 से ज्यादा विदेशी फिल्म फेस्टिवल में दिखाया जा चुका है. यह 20 से अधिक अवॉर्ड भी जीत चुकी है. फिल्म पहली बार क्लेरमोंट-फेरांड इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में दिखाई गई थी. यहां इसे कैनाल प्लस अवॉर्ड मिला था.
इसके बाद पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल शॉर्टफेस्ट में मिली सफलता के बाद फिल्म 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर के लिए क्वालिफाई कर गई. 11 मिनट की इस फिल्म के लिए यह बड़ी उपलब्धि है.
एंड्रयू स्कॉट भी बने एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर
प्रियंका चोपड़ा के साथ हॉलीवुड एक्टर एंड्रयू स्कॉट भी इस फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं. फिल्म में यश गोंसाई, सतीश कश्यप, द्वेंद्र डोडके, अरिंदोल बागची, शुभम कुजूर और कल्पना गागडेकर ने काम किया है.
वहीं, 'द न्यू यॉर्कर' ने इस फिल्म को हासिल कर लिया है. इसकी योजना अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर फिल्म को रिलीज करने की है.
ये भी पढ़ें: प्रियंका के प्यार में निक ने बदला प्लान, करवा चौथ पर अचानक घर पहुंचकर दिया सरप्राइज
ये भी पढ़ें: परिणीति चोपड़ा का मिड-एयर करवा चौथ! प्यार दिखाने के चक्कर में कहलाईं प्रियंका की 'कॉपीकैट', फैंस बोले- आपका कोई वजूद…
The post प्रियंका चोपड़ा बनीं शॉर्ट फिल्म 'वी वर हियर' की एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर, AI के दौर पर बनी कहानी पहुंची ऑस्कर तक appeared first on Prabhat Khabar.

