शहडोल के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के भमरहा-दो गांव में कुएं में डूबने से 13 वर्षीय शिवानी गोंड और उसके 14 वर्षीय भाई अमित सिंह गोंड की मौत हो गई।

HighLights
- बहन को बचाने 14 वर्षीय अमित कुएं में कूदा
- ग्रामीणों ने दोनों को कुएं से बाहर निकाला
- पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम भमरहा-दो में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास स्थित कुएं में नहा रही 13 वर्षीय बहन को डूबता देखकर उसे बचाने के लिए कुएं में कूदे 14 वर्षीय भाई की भी डूबने से मौत हो गई। हादसे में भाई-बहन की एक साथ जान चली गई, जिससे गांव में मातम पसर गया।
पानी निकालते समय फिसला शिवानी का पैर
13 वर्षीय शिवानी गोंड घर के पास स्थित कुएं में नहा रही थी। इसी दौरान पानी निकालते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरी। बहन को कुएं में डूबता देखकर पास मौजूद उसका भाई अमित सिंह गोंड उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गया।
कुएं की गहराई अधिक होने के कारण दोनों भाई-बहन बाहर नहीं निकल सके। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
माता-पिता की इकलौती संतान थे दोनों
मृतकों की पहचान अमित सिंह गोंड पुत्र उदयभान गोंड (14 वर्ष) और शिवानी गोंड पुत्री उदयभान गोंड (13 वर्ष) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। भाई-बहन की एक साथ मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ दोनों बच्चों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और आगे की वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बहन को बचाने के दौरान भाई भी कुएं में डूब गया। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Source link
#बहन #क #डबत #दख #कए #म #कद #वरषय #भई #दन #डब #शहडल #म #भईबहन #क #मत #स #मतम

