इमेज स्रोत, ANI
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट
नीट पेपर लीक मामले के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है.
इस प्रदर्शन में लद्दाख़ के सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणविद सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल को 17 दिन पूरे हो चुके हैं. उनके अलावा भी कई लोग धरनास्थल पर भूख हड़ताल कर रहे हैं.
मंगलवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, वांगचुक का वज़न 8.5 किलोग्राम कम हो चुका है, उनका ब्लड प्रेशर 109/70 है.
सोनम वांगचुक के लगातार गिरते स्वास्थ्य के बीच उनके समर्थन में आवाज़ें भी उठ रही हैं. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोनम से अपील की है कि वो अपनी भूख हड़ताल ख़त्म कर दें.
साथ ही केजरीवाल ने घोषणा की है कि वो गुरुवार को शाम पांच बजे दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थल पर उनके समर्थन के लिए जाएंगे.
इस बीच फ़िल्म और मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने भी सोनम वांगचुक का समर्थन किया है.
लगातार समर्थन करते प्रकाश राज
इमेज स्रोत, @Cockroachisback
फ़िल्म जगत की अगर बात की जाए तो भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता प्रकाश राज कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की स्थापना से ही उसका समर्थन कर रहे हैं.
वो बेंगलुरु में हुए सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल हुए थे और बीते शनिवार को भी वो जंतर-मंतर पहुंचे थे और उन्होंने सोनम वांगचुक से मुलाक़ात की थी.
उन्होंने 20 जुलाई को सीजेपी की ‘संसद चलो’ रैली के लिए लोगों से इसमें जुड़ने की अपील की थी.
प्रकाश राज ने कहा, “ये लड़ाई चुनी हुई सरकार की जवाबदेही को लेकर है. ये सिर्फ़ स्टूडेंट्स की हड़ताल नहीं है. इस देश का ज़िम्मेदार नागरिक होने के नाते ये ज़रूरी है कि सवाल किया जाए और सत्ता के गलियारों को असहमति दिखाई जाए.”
“सोनम वांगचुक जी कोई छोटे आदमी नहीं हैं बल्कि पढ़े लिखे आदमी हैं, जिन्होंने हमेशा देश के लिए लड़ाई लड़ी है. अगर वो इन बच्चों के समर्थन के लिए भूख हड़ताल पर हैं तो वो कोई असली वजह होगी.”
बीते शुक्रवार को पंजाबी सिंगर काका भी धरनास्थल पर पहुंचे थे और उन्होंने इस प्रदर्शन का समर्थन किया था. वहीं रोडीज़ रिएलिटी शो के लिए चर्चित रहे उसके होस्ट रघु राम भी 7 जुलाई को इस प्रदर्शन में शामिल हुए थे.
इमेज स्रोत, @Cockroachisback
ये शख़्सियतें भी कर रही हैं समर्थन
इनके अलावा ऐसे कई सेलिब्रिटी हैं जो धरनास्थल पर तो नहीं पहुंचे हैं लेकिन सोशल मीडिया और दूसरे माध्यमों के ज़रिए इस प्रदर्शन और सोनम वांगचुक का समर्थन कर रहे हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, लेखिका अरुंधति रॉय, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, अभिनेता रत्ना पाठक शाह और अर्थशास्त्री जयति घोष शामिल ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे प्रदर्शनकारियों से अपना अनशन समाप्त करने की अपील की है.
सोमवार को जारी किए गए एक संयुक्त बयान में हस्ताक्षरकर्ताओं ने कहा कि वे सरकार के ख़िलाफ़ इस आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए प्रदर्शनकारियों के “बेहद आभारी” हैं, लेकिन उनकी लगातार बिगड़ती सेहत को लेकर गहरी चिंता भी व्यक्त करते हैं.
इस बयान में कहा गया, “हम आपके उद्देश्य की भावना, और जिस दृढ़ता व साहस के साथ आप पूरे देश के छात्रों और युवाओं के लिए इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं, उसे सलाम करते हैं.”
फ़िल्म अभिनेता अभय देओल ने सोनम वांगचुक का सीधे तौर पर समर्थन नहीं किया लेकिन उन्होंने अपने इंस्टाग्राम प्रोफ़ाइल से सोनम का धरनास्थल की एक तस्वीर पोस्ट की और उसके साथ टूटे हुए दिल की इमोजी लगाई.
इमेज स्रोत, ANI
‘फुनसुख वांगडू’ की भी चर्चा
लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर हुए आंदोलन से सोनम वांगचुक चर्चा में रहे हैं लेकिन इससे पहले वह पहली बार साल 2009 की फ़िल्म ‘थ्री इडियट्स’ के बाद चर्चा में आए थे.
इसी फ़िल्म का एक किरदार ‘चातुर रामालिंगम’ उर्फ़ ‘सायलेंसर’ अभिनेता ओमी वैद्य ने निभाया था. ओमी वैद्य ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफ़ाइल पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिस पर उन्होंने लिखा है- “क्या आपको पता है असल ज़िंदगी का फुनसुख वांगडू मर सकता है?”
ओमी वैद्य वीडियो में कह रहे हैं, “मैं नहीं चाहता हूं कि फुनसुख वांगडू मर जाए. मैं अकसर ऐसा नहीं करता हूं लेकिन आप मुझे सुनिए. क्या आपको पता है कि थ्री इडियट्स का फुनसुख वांगडू किरदार जिसे आमिर ख़ान ने निभाया था, वो वास्तविक जीवन के लद्दाख के इंजीनियर सोनम वांगचुक पर आधारित था.”
“अभी वो हफ़्तों से जारी भूख हड़ताल पर हैं तो आपको उनके बारे में जानना चाहिए. आप उनसे सहमत हों या न हों लेकिन मैं नहीं चाहता हूं कि ये शख़्स मर जाए. मैं चाहता हूं कि वो जिएं.”
इमेज स्रोत, ANI
हिन्दी फ़िल्मों की चर्चित अभिनेत्री रहीं ज़ीनत अमान ने भी सोनम वांगचुक का समर्थन किया है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर सोनम की तस्वीर के साथ एक लंबा पोस्ट लिखा है.
उन्होंने लिखा, “मैंने एक समाचार में पढ़ा कि ‘लगातार उनकी मांसपेशियां कम हो रही हैं और वो बहुत अधिक दर्द में हैं.’ और जब उनसे अनशन ख़त्म करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘मुझसे मेरा अनशन ख़त्म करने के लिए मत कहिए. सरकार से पूछिए कि वह बातचीत क्यों नहीं कर रही है’.”
“वांगचुक सेमकोल के संस्थापक हैं, आइस स्तूप के आविष्कारक हैं, लद्दाख में शिक्षा सुधार के अग्रदूत हैं, समर्पित पर्यावरण और सामाजिक कार्यकर्ता हैं. साथ ही वो बॉलीवुड फ़िल्म ‘3 इडियट्स’ के लोकप्रिय किरदार ‘फुनसुख वांगडू’, जिसे आमिर ख़ान ने निभाया था, उसकी प्रेरणा भी हैं.”
“हर दृष्टि से वांगचुक एक प्रतिभाशाली, ईमानदार और ज़िम्मेदार व्यक्ति हैं. समाज पर उनके प्रभाव के लिए उन्हें दुनिया भर में कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है.”
इसके बाद ज़ीनत अमान ने भारत सरकार से मांग की है कि इस मुद्दे पर बातचीत शुरू करे, क्योंकि यह पूरे भारत के भविष्य से जुड़ा हुआ मामला है.
उन्होंने लिखा, “हमें ऐसा समाज नहीं बनना चाहिए जो चुपचाप बैठकर अपने सबसे प्रतिभाशाली लोगों में से एक को इस तरह बलिदान होते देखता रहे. भारत में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन की एक लंबी परंपरा रही है, और सत्ता में बैठे लोगों का दायित्व है कि वे ऐसे विरोध का जवाब शांतिपूर्ण बातचीत के ज़रिए दें.”
अभिनेता अभिलाष थपलियाल ने रविवार रात को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा था कि वो रात को डिनर नहीं कर पाए क्योंकि सोनम वांगचुक को 15 दिन खाना खाए हो गए हैं. इसके साथ ही उन्होंने ख़ुद की लिखी एक कविता भी सुनाई.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
Source link
#य #लडई #चन #हई #सरकर #क #जवबदह #क #लए #ह #सनम #वगचक #क #समरथन #म #कनकन #सलबरट #आय



