![]()
देवी लक्ष्मी की अवधारणा को गहराई से समझते हैं। ‘लक्ष्मी’ शब्द ‘लक्ष’ से आया है, जिसका अर्थ है लक्ष्य। पत्थरों, नदियों और बादलों का कोई लक्ष्य नहीं होता, क्योंकि वे निर्जीव हैं। लेकिन सभी जीवों का एक लक्ष्य होता है और वह है अपने लिए भोजन जुटाना। ऐसा इसलिए क्योंकि भोजन के बिना उनका जीवित रहना संभव नहीं है। इस तरह माना जा सकता है कि भोजन ही उनके लिए ‘लक्ष्मी’ है। भोजन से उन्हें जीवन मिलता है। पेड़-पौधों के लिए सूर्य का प्रकाश, जल और पोषक तत्व उनकी लक्ष्मी हैं। अगर शाकाहारी प्राणियों का उदाहरण देखें तो घास और पत्ते उनकी लक्ष्मी होते हैं। इस तरह लक्ष्मी वे संसाधन हैं, जो प्रकृति में जीवन को पोषण देते हैं। मनुष्यों के लिए केवल भोजन ही नहीं, संपत्ति भी लक्ष्मी है। हम जो कपड़े पहनते हैं, जिस घर में रहते हैं और जिन वस्तुओं का उपभोग करते हैं, वे सभी हमारे लिए लक्ष्मी हैं। इसलिए हमारे पास जितनी अधिक लक्ष्मी होगी, हमारा जीवन उतना ही सुविधाजनक होगा। इस तरह मानव जगत में लक्ष्मी की अवधारणा का दायरा भी विस्तृत होता दिखाई देता है। प्राचीन काल के वैदिक ऋषि इस बात को जानते थे। इसलिए उन्होंने देवी लक्ष्मी की स्तुति में श्रीसूक्त की रचना की, जो ऋग्वेद में मिलता है। हम लक्ष्मी की पूजा इस आशा से करते हैं कि वे हमारे जीवन में गाय, घोड़े, अनाज, स्वर्ण यानी संसाधनों और संतान के रूप में आएंगी। बौद्ध और जैन ग्रंथों में भी लक्ष्मी को केवल समृद्धि और प्रचुरता की ही नहीं, बल्कि शुभता की देवी माना गया है। यह मान्यता थी कि किसी रानी के सपने में लक्ष्मी का आना इस बात का संकेत है कि वह किसी महान गुरु को जन्म देंगी। यह उल्लेखनीय है, क्योंकि ये दोनों धर्म जीवन में संयम को बढ़ावा देते हुए सांसारिक सुखों से दूरी बनाने की शिक्षा देते हैं। इससे स्पष्ट होता है कि तपस्वियों और संन्यासियों के लिए भी लक्ष्मी का विशेष महत्व था। लक्ष्मी के बारे में पुराणों में विस्तार से बताया गया है। पुराणों के अनुसार, लक्ष्मी का जन्म क्षीरसागर से हुआ था। जैसे दूध के मंथन से मक्खन निकलता है, उसी तरह क्षीरसागर के मंथन से लक्ष्मी प्रकट हुईं। यह प्रसंग भले ही काव्यात्मक लगे, लेकिन इसका एक अर्थ यह भी है कि लक्ष्मी को पाने के लिए श्रम करना पड़ता है। क्षीरसागर को मार्केट के समान माना जा सकता है। लक्ष्मी मार्केट में मौजूद हैं, लेकिन उन्हें प्राप्त करने के लिए मार्केट का मंथन करना पड़ता है। यह मंथन हम वस्तुओं और सेवाओं का उत्पादन करके तथा उन्हें उपलब्ध कराकर करते हैं। विष्णु यह सुनिश्चित करते हैं कि मंथन सुव्यवस्थित ढंग से हो। राजा की भी यही भूमिका होती है कि वह मार्केट को सुचारु रूप से चलाए, ताकि सभी को उसका लाभ मिल सके। पुराणों में लक्ष्मी को ‘चंचला’ कहा गया है, क्योंकि हम यह अनुमान नहीं लगा सकते कि वे किस दिशा में जाएंगी। ठीक उसी तरह, जैसे हम नहीं कह सकते कि शेयर बाजार चढ़ेगा या गिरेगा, बारिश होगी या नहीं और फसल कैसी होगी या किसी कंपनी को मुनाफा होगा या नहीं। लक्ष्मी कहां जाएंगी, यह कोई नहीं जान सकता। जीवन में कुछ भी निश्चित नहीं है और लक्ष्मी को कोई पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सकता। हमें यह धारणा हमेशा याद रखनी चाहिए। लक्ष्मी के चंचल होने और उनके एक जगह से दूसरी जगह जाने की धारणा हमें यह भी याद दिलाती है कि पैसा तभी मूल्यवान होता है, जब उसका लेन-देन होता है। जब हम वस्तुएं और सेवाएं उपलब्ध कराते हैं, तो उनके बदले लक्ष्मी हमारे घर आती हैं। इसी तरह, जब हम किसी को लक्ष्मी देते हैं, तो बदले में उससे वस्तुएं और सेवाएं प्राप्त करते हैं। लक्ष्मी चंचल हैं, इसलिए उन्हें भाग्य से भी जोड़ा जाता है। कुछ लोगों को संपत्ति विरासत में मिलती है, तो कुछ लोग लॉटरी जीतकर अमीर बन जाते हैं। लेकिन लक्ष्मी बिना किसी पूर्व संकेत के चली भी जा सकती हैं। जैसे कोई संकट, युद्ध, आपात स्थिति या दुर्घटना किसी की संपत्ति छीन सकती है। इस तरह लक्ष्मी की चंचलता हमें असुरक्षा का एहसास भी कराती है। महाभारत में सफल होने के लिए कर्ण को बहुत मेहनत करनी पड़ी, जबकि दुर्योधन को ऐसा नहीं करना पड़ा, क्योंकि वह धृतराष्ट्र का पुत्र था। इस उदाहरण से समझा जा सकता है कि लक्ष्मी किसी के जीवन में कभी भी आ सकती हैं और कभी भी जा सकती हैं। दिवाली पर लोग ताश खेलते हैं। इसके पीछे एक मान्यता यह भी है कि ऐसा करके वे खुद को याद दिलाते हैं कि लक्ष्मी चंचल हैं। ताश के खेल में जीतने के लिए भाग्य और कौशल, दोनों की जरूरत होती है। अच्छे पत्ते मिलना भाग्य की बात है, लेकिन उन पत्तों को सही ढंग से खेलना कौशल पर निर्भर करता है। इसलिए यदि हम अपने जीवन में लक्ष्मी चाहते हैं, तो हमें केवल भाग्य के भरोसे नहीं रहना चाहिए। इसके बजाय अपने कौशल को बेहतर बनाना चाहिए, ताकि हम मार्केट में अधिक और बेहतर वस्तुएं तथा सेवाएं उपलब्ध करा सकें।
Source link


