Ramayana Trailer Social Media Reaction: ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है और सोशल मीडिया पर ओम राउत ट्रेंड करने लगे हैं। दरअसल, ओम राउत ने ही ‘आदिपुरुष’ डायरेक्ट की थी।
फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर आते ही इंटरनेट पर छा गया है। 4 मिनट 10 सेकंड के इस भव्य ट्रेलर का हर एक फ्रेम देखने लायक है, लेकिन रावण का किरदार निभा रहे सुपरस्टार यश के एक खास सीन ने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। आखिर कौन-सा है वो सीन जिसने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है? आइए जानते हैं।
यश के इस सीन से इम्प्रेस हुए लोग
ट्रेलर में यश (रावण) के कई पावरफुल सीन्स हैं, लेकिन 3 मिनट 46 सेकंड पर दिखने वाले एक सीन ने पूरी महफिल लूट ली है। इस सीन में रावण अपनी एक दहाड़ से एक खूंखार शेर को शांत कराते नजर आ रहे हैं। इस सीन को देख एक ने लिखा, ‘यश का जन्म ही ऐसे किरदारों के लिए हुआ है।’ दूसरे ने लिखा, ‘इस एक सीन ने सब बयां कर दिया।’
Ramayana Trailer: ‘रामायण’ का ट्रेलर हुआ रिलीज, रणबीर कपूर ने चौंकाया, यश के रावण अवतार ने उड़ाए होश
‘रामायण’ का ट्रेलर देख निराश हुए कुछ लोग
‘रामायण’ का ट्रेलर 30 जुलाई की तड़के सुबह 4:15 बजे रिलीज हुआ। फिल्म के क्रेज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई फैंस रातभर सोए नहीं, तो कुछ अलार्म लगाकर सुबह-सुबह जागे। हालांकि, 4 मिनट 10 सेकंड के इतने लंबे ट्रेलर में हनुमान बने सनी देओल की एक भी झलक देखने को नहीं मिली, जिससे फैंस थोड़े निराश नजर आए।
ओम राउत क्यों करने लगे ट्रेंड?
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ‘आदिपुरुष’ के डायरेक्टर ओम राउत अचानक ट्रेंड करने लगे। लोग नितेश तिवारी के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) की तुलना ‘आदिपुरुष’ से करते हुए ओम राउत को जमकर ट्रोल कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘आदिपुरुष देखने के बाद जो जख्म मिले थे, नितेश तिवारी और यश ने उन जख्मों पर मरहम लगा दिया है।’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘ओम राउत को देखना चाहिए कि जब पैसों का सही इस्तेमाल होता है तो रावण और लंका कैसे दिखते हैं।’ लोग ये भी बोल रहे हैं कि थिएटर्स में एक सीट ओम राउत के लिए रखें। दरअसल, जब ‘आदिपुरुष’ आई थी तब ओम राउत ने थिएटर्स में एक सीट हनुमान के लिए रखने की अपील की थी।
कब रिलीज हो रही है ‘रामायण’?
‘रामायण’ की कहानी को दो भागों में प्रस्तुत किया जाएगा। पहला भाग इस साल दिवाली के खास मौके पर बड़े पर्दे पर दस्तक देगा वहीं दूसरा भाग साल 2027 की दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।



