11:59 AM, 06-Aug-2026
मेटा का माफी मांगना भारत के कानून, संविधान और संसद की जीत- निशिकांत दुबे
भाजपा सांसद और संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष निशिकांत दुबे ने कहा कि मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फेसबुक वीडियो हटाए जाने के मामले में माफी मांगना भारत के कानून, संविधान और संसद की जीत है। उन्होंने कहा कि भारत में कारोबार करने वाली हर कंपनी को भारतीय कानून का पालन करना होगा। दुबे का यह बयान उस बैठक के बाद आया, जिसमें मेटा के प्रतिनिधिमंडल ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, मेटा ने चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मैटेरियल (CSAM), डीपफेक सामग्री और प्लेटफॉर्म संचालन में हुई गलतियों पर भी खेद जताया। संसदीय समिति ने पहले जुकरबर्ग से बिना शर्त माफी की मांग की थी और चेतावनी दी थी कि नियमों का पालन नहीं करने पर कंपनी को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मिलने वाली कानूनी सुरक्षा (सेफ हार्बर) पर पुनर्विचार किया जा सकता है। मेटा का कहना है कि प्रधानमंत्री का वीडियो तकनीकी गलती से हट गया था, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।
11:29 AM, 06-Aug-2026
विपक्ष ने केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
इससे पहले विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। विपक्ष ने 20 जुलाई को सीजेपी प्रदर्शनकारियों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई और अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी व गबन के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। समाजवादी पार्टी के सांसदों ने चंदा चोर, गद्दी छोड़ लिखे पोस्टर दिखाए, जबकि अन्य विपक्षी सांसदों ने अमित शाह जवाब दो के पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा कि राम मंदिर में कथित चोरी का मुद्दा उठाने का मतलब भगवान राम का विरोध करना नहीं है। वहीं केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस, सपा और सीपीआई पर भगवान राम विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दलों ने पहले भी राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था और अब संसद में इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं।

11:25 AM, 06-Aug-2026
राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित
विपक्ष के हंंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित हो गई है। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित किया।
11:19 AM, 06-Aug-2026
राज्यसभा में हंगामे के बीच चर्चा जारी
राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच सभापीठ की अनुमति से उठाए गए मामलों पर चर्चा की जा रही है।
11:06 AM, 06-Aug-2026
लोकसभा की कार्यवाही स्थगति
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष की तरफ से जोरदार हंगामा किया गया। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने विपक्ष से सदन सुचारू रूप से चलाने की अपील की और उनके न मानने पर कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
11:01 AM, 06-Aug-2026
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो गई है।
10:58 AM, 06-Aug-2026
एफआईआर वापस लेने की भी मांग
मणिकम टैगोर ने छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन और लोकतांत्रिक विरोध पर पुलिस कार्रवाई या आपराधिक मुकदमे नहीं होने चाहिए। उन्होंने सरकार से छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की भी अपील की।
पीएम से माफी की मांग, सरकार का पक्ष
कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि यदि जांच में यह साबित होता है कि प्रदर्शनकारियों पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया गया, तो प्रधानमंत्री को संसद में बयान देकर छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। फिलहाल केंद्र सरकार ने विपक्ष की इन मांगों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। संसद में इन मुद्दों पर हंगामे के आसार बने हुए हैं।
10:53 AM, 06-Aug-2026
कांग्रेस सांसद ने दिया स्थगन प्रस्ताव
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में कार्यवाही स्थगित कर इस मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए नोटिस दिया है। उन्होंने मांग की है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में इस मामले पर विस्तृत बयान दें। उन्होंने कहा कि यह मामला अत्यंत महत्वपूर्ण और तत्काल चर्चा योग्य है। उनके अनुसार, छात्रों के प्रदर्शन को रोकने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस, पेलेट गन और वाटर कैनन के इस्तेमाल के आरोप लगे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सरकार से मांगे कई जवाब
स्थगन प्रस्ताव में सरकार से पूछा गया है कि:
- पुलिस कार्रवाई का आदेश किसने दिया?
- क्या बल प्रयोग कानून और तय प्रक्रिया के अनुसार किया गया?
- कितने छात्र, खासकर छात्राएं, घायल हुईं, हिरासत में ली गईं या गिरफ्तार की गईं?
- क्या पुलिस के खिलाफ शिकायतें मिली हैं और उन पर क्या कार्रवाई हुई?
- क्या सरकार इस मामले की स्वतंत्र और समयबद्ध न्यायिक जांच कराएगी?
10:29 AM, 06-Aug-2026
Parliament Monsoon Session: हंगामे के बीच दोनों सदनों में काम ठप; राज्यसभा 12 बजे तो लोकसभा 2 बजे तक स्थगित
संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ और अब तक ये तीसरे हफ्ते में पहुंच चुका है। इस हफ्ते भी पिछले तीन से दिन से सदन की कार्यवाही लगातार बाधित होती रही है। सरकार और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध के कारण कई अहम मुद्दों पर अभी भी चर्चा होनी बाकी है। एक तरफ विपक्ष जहां दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर सरकार के खिलाफ लामबंद है। वहीं सरकार भी नियम का हवाला देकर उचित तरीके से चर्चा की बात कह रही है।
इस कड़ी में आज भी विपक्ष सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेगा। विपक्षी दल राम मंदिर चंदा घोटाले के कथित आरोपों और 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। मानसून सत्र की शुरुआत से ही विपक्ष इन दोनों मुद्दों पर संसद के अंदर और बाहर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि राम मंदिर के लिए मिले चंदे के इस्तेमाल में गड़बड़ी हुई है, वहीं छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग को लेकर भी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

Source link
#Parliament #Monsoon #Sessionहगम #क #बच #दन #सदन #म #कम #ठप #रजयसभ #बज #त #लकसभ #बज #तक #सथगत #Parliament #Monsoon #Session #Live #Lok #Sabha #Rajya #Sabha #Opposition #Strategy #Talks #Updates #Hindi


