हैदराबाद में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 25 साल की एक युवती ने नग्न अवस्था में मंदिर में प्रवेश किया। इसके बाद वह देवी अम्मावरु की मूर्ति उठाकर भागी और पास के एक तालाब में कूद गई। पुलिस ने तालाब से युवती का शव बरामद कर लिया है, लेकिन देवी की मूर्ति अभी तक नहीं मिली है। पुलिस गोताखोरों की मदद से मूर्ति की तलाश कर रही है, जिसे जांच में एक महत्वपूर्ण सबूत माना जा रहा है।
मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थी युवती
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृत युवती मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थी। वह पहले बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करती थी। इसके बाद वह विशाखापत्तनम में रहने लगी थी। युवती के माता-पिता के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था। इस वजह से उसके पिता विशाखापत्तनम में रहते हैं, जबकि उसकी मां हैदराबाद के पीरजादिगुडा में रहती थीं। पुलिस के अनुसार, मृत युवती और उसकी मां दोनों ही भय और डर से ग्रस्त थीं।
ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: ‘खुद को ठगा महसूस कर रहे श्रद्धालु’, कांग्रेस ने PM मोदी को लिखा पत्र; क्या मांग की?
घटना से पहले मां को कमरे में किया बंद
पुलिस ने बताया कि घटना से पहले 17 जुलाई को युवती अपनी मां के साथ मियापुर में एक फ्लैट देखने गई थी। वे वहां दो बेडरूम का अपार्टमेंट खरीदने की योजना बना रही थीं। घर लौटने के बाद दोनों अपने-अपने कमरों में सोने चली गईं। इसके बाद युवती ने अपनी मां के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। फिर वह नग्न अवस्था में मंदिर गई और वहां से मूर्ति लेकर तालाब में कूद गई। शनिवार सुबह पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के बाद उसे मां को सौंप दिया। पुलिस ने युवती के पिता को भी घटना की सूचना दे दी है। पुलिस अब वित्तीय लेनदेन और उसकी गतिविधियों की जांच कर रही है।