पटना: ख़ान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फ़ायरिंग का आरोप, पुलिस ने क्या बताया

पटना: ख़ान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फ़ायरिंग का आरोप, पुलिस ने क्या बताया

ख़ान सर

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, ख़ान सर ने आरोप लगाया है कि पड़ोस के कोचिंग संस्थान के लोगों ने ये हमला किया है

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 5 मिनट

पटना में मंगलवार रात को शिक्षक और यूट्यूबर ख़ान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर कथित तौर पर फ़ायरिंग हुई है. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है.

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, हमले में एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हुआ है. ख़ान सर का दावा है कि कोचिंग के बाहर फ़ायरिंग भी हुई है. हालांकि पुलिस ने फ़ायरिंग की पुष्टि नहीं की है.

बुधवार सुबह ख़ान सर की कोचिंग के बाहर छात्रों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

पटना एसपी सिटी ने कहा है कि इस घटना में शामिल 10 से 12 संदिग्धों की पहचान कर ली गई है.

पटना पुलिस ने मंगलवार देर रात बयान जारी कर बताया है कि ख़ान ग्लोबल स्टडीज़ कोचिंग संस्थान पर कुछ लोगों के ईंट-पथराव और तोड़फोड़ किए जाने के संबंध में ख़बर मिली थी.

बयान में कहा गया है, “घटनास्थल पर आसपास के लोगों से पूछताछ करने एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फ़ुटेज से पता चला है कि ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान, पटना से जुड़े 15 से 20 लोगों द्वारा पथराव एवं तोड़फोड़ किया गया है. और सीसीटीवी फ़ुटेज से फ़ायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है.”

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, जिस समय यह हमला हुआ उस समय कोचिंग में क्लासेज़ ख़त्म हो चुकी थीं.

घटना की ख़बर मिलने के बाद पटना एसएसपी, डीएसपी समेत पुलिस की कई टीमें कोचिंग सेंटर पर पहुंच गईं.

एसपी कार्तिकेय शर्मा ने एएनआई से कहा, “इस हमले में गार्ड के घायल होने की ख़बर है. इस मामले में गार्ड और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज कर जांच की जा रही है. घायल व्यक्ति का इलाज हो रहा है.”

पुलिस ने क्या कहा

एसपी सिटी दीक्षा

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, एसपी सिटी दीक्षा ने बताया कि 10 से 12 लोगों की पहचान की जा चुकी है

एसपी सिटी दीक्षा ने कहा कि अब तक 10 से 12 लोगों की पहचान की जा चुकी है.

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “इसमें शामिल लोग सड़क के दूसरी ओर स्थित कोचिंग सेंटर से जुड़े हुए हो सकते हैं. फ़िलहाल सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है. औपचारिक शिकायतें दर्ज की जा रही हैं और आगे की प्रक्रिया जारी है.”

उन्होंने बताया, “सभी वीडियो फ़ुटेज की गहन जांच की जा रही है और हर पहलू का सत्यापन किया जा रहा है. हमें सूचना मिली है कि एक व्यक्ति घायल हुआ है. उसका फ़िलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है. सीसीटीवी फ़ुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है. “

इससे पहले पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने कहा था, “जो भी इस मामले में शामिल पाया जाएगा, उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी.”

ख़ान सर ने क्या बताया

ख़ान सर

ख़ान सर ने पत्रकारों से बातचीत में आशंका जताई कि ‘हमलावरों का संबंध कोचिंग संस्थानों से हो सकता है.’

उन्होंने कहा, “क्लासें ख़त्म हो चुकी थीं. बिहार पुलिस भर्ती का परिणाम आया था. हज़ारों अभ्यर्थी सफल हुए थे. हम थके हुए थे. तभी कुछ असामाजिक तत्व आए, हमें धमकाने लगे और गार्डों के साथ मारपीट की.”

उन्होंने दावा किया, “दस मिनट के अंदर कम से कम आठ-दस राउंड गोली चली और चारों ओर अफ़रा-तफ़री का माहौल पैदा हो गया. ऑफ़िस को पूरी तरह तोड़ दिया है.”

उन्होंने कहा, “गार्ड को मार कर इतना लहूलुहान कर दिया है कि उन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है. देखिए यहां क्या हो रहा है. ये बिल्कुल असामाजिक तत्व हैं.”

ख़ान सर ने संदिग्धों की पहचान का दावा करते हुए कहा, “लोगों को चिह्नित कर लिया गया है, गार्ड ने भी उनकी पहचान कर ली है. ऐसा लगता है कि उनका संबंध कोचिंग संस्थानों से है. वे कम फ़ीस से परेशान हैं. मेरा मानना है कि ग़रीबों को भी पढ़ने का अधिकार है.”

उन्होंने कहा, “मुझे सुरक्षा मिलनी चाहिए, लेकिन यह प्रशासन पर निर्भर करता है. सीसीटीवी फ़ुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है.”

ख़ान सर ने कहा, “हमारे सुरक्षा गार्ड ने भी हमलावरों की पहचान कर ली है. ये लोग पास के कोचिंग सेंटर से हैं. यह साफ़ है कि इस घटना के पीछे आसपास का कोचिंग संस्थान है. उन्होंने ऐसे बयान भी दिए हैं, जिनमें कहा गया है कि वे ख़ान सर के कोचिंग सेंटर को उड़ा देंगे.”

कौन हैं ख़ान सर

ख़ान जी.एस. रिसर्च सेंटर की लाइब्रेरी
इमेज कैप्शन, ख़ान जी.एस. रिसर्च सेंटर की लाइब्रेरी

मुसल्लहपुर हाट इलाक़ा बिहार की राजधानी पटना का एक प्रमुख शैक्षणिक हब है. यहीं ख़ान सर का कोचिंग संस्थान है.

उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई उत्तर प्रदेश के देवरिया के एक स्कूल से की है. ख़ान सर ने बाद में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है.

ख़ान सर का दावा है कि उन्होंने आईआईएम अहमदाबाद से स्ट्रेटेजिक मैनेजमेंट की पढ़ाई भी की है. उनका कहना है कि उनके यूट्यूब चैनल को कोविड लॉकडाउन ने ज़्यादा लोगों तक पहुँचा दिया.

इसी दौर में ख़ान सर भी काफ़ी मशहूर हुए. ख़ासकर देसी अंदाज़ में पढ़ाने और समझाने के तरीक़ों की वजह से वो चर्चा में आए.

ख़ान सर मूल रूप से बिहार की सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले हैं.

ख़ान सर स्टूडेंट्स में लोकप्रिय हैं और हज़ारों छात्र उनके संस्थान में पढ़ते हैं लेकिन अपनी टिप्पणियों से वो विवादों में भी रहे हैं.

वो छात्रों ही नहीं बल्कि आम लोगों के बीच भी एक चर्चित नाम हैं. उनके यूट्यूब चैनल ‘ख़ान जीएस रिसर्च सेंटर’ के 2.9 करोड़ से ज़्यादा सबस्क्राइबर हैं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

Source link
#पटन #खन #सर #क #कचग #सटर #क #बहर #फयरग #क #आरप #पलस #न #कय #बतय

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *